पत्‍‌नी की आंख खुली तो उसके होश उड़ गए

आगरा। वह बहुत खुश था। माल तैयार करने का ऑर्डर मिला था। पति पत्‍‌नी ने साथ-साथ खाना भी खाया था, लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने मौत को गले लिया। सुबह जब पत्‍‌नी की आंख खुली तो अपने पति को फांसी के फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए।

एक साल पूर्व हुई थी शादी

सेवला सदर निवासी 28 वर्षीय नवीन कुमार पुत्र स्व। श्याम लाल स्टील की ग्रिल बनाने का काम करता था। उसकी शादी अप्रैल 2013 में हुई थी। पत्‍‌नी सात-आठ माह की गर्भवती बताई गई है। मृतक पांच भाईयों में सबसे छोटा था। इनमें भाई सुरेश व विजेन्द्र साथ रहते हैं, बाकी दो भाई राजेन्द्र और जगदीश प्रसाद अलग रहते हैं।

माल का ऑर्डर मिला था उसे

परिजनों ने बताया कि उसे 66 फुट ग्रिल का माल तैयार करने का ऑर्डर मिला था जिससे वह बहुत खुश था। रात में उसने पत्‍‌नी के साथ खुशी-खुशी खाना खाया था। सुबह पत्‍‌नी की नींद खुली तो वह लटका पाया गया। इसी के बाद अन्य परिजनों को पता पड़ा।

किसी से कोई विवाद नहीं था

परिजनों ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। उसके दोस्त अमरनाथ यात्रा पर गए थे। दोस्त श्रीनिवास ने बताया कि उसने फ्राईडे नाइट में उससे फोन पर बात हुई थी। उसने अमरनाथ का प्रसाद मांगा था। सेटरडे को उससे मिलना था।

पूरे मामले पर पर्दा पड़ा हुआ है

सुसाइड वाले मामले में परिजन पूरी तरह से अनभिज्ञता बता रहे हैं। उसके भाई का कहना था कि सुबह घर की औरतों ने उसकी पत्‍‌नी से विवाद के बारे में काफी पूछा था, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। मृतक के परिजन और दोस्त अपने स्तर से उसके सुसाइड करने का कारण पता करने में लगे हैं। सदर पुलिस का कहना था कि अभी तक सुसाइड के कारण पता नहीं चल सका है। मामले की छानबीन चल रही है।