ALLAHABAD: विवाद के बाद आक्रोश में दंपति ने खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला ने बुधवार को दम तोड़ दिया। जबकि शुक्रवार को उसके पति की भी मौत हो गई। घटना जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र स्थित जसरा लाइनपार में बुधवार की है।

जसरा लाइनपार निवासी दिनेश भारतीया (40) का पत्नी सीता देवी से किसी बात को लेकर विवाद था। बताते हैं कि बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आक्रोश में दोनों ने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। यह देख परिजन व पड़ोसी दौड़ पड़े। गंभीर हालत में दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बुधवार को ही इलाज के दौरान सीता देवी की मौत हो गई। जबकि शुक्रवार की देर शाम उसके पति दिनेश ने भी दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

महिला के गले से खींच ले गए चेन

दारागंज क्षेत्र में सरेराह रिटायर्ड फौजी की पत्नी के गले में झपट्टा मारकर चेन और मंगलसूत्र छीन कर भाग निकले। महिला ने दारागंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जॉर्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर तिलक नगर निवासी रामसुमेर पांडेय रिटायर्ड फौजी हैं। उनकी पत्‍‌नी सुधा पांडेय दारागंज में स्थित मंदिर में दर्शन करने गई थीं। लौटते समय रास्ते में बाइक सवारों ने गले से सोने की चेन व मंगल सूत्र झपट कर फरार हो गए।

छेड़खानी के विरोध पर धमकी

मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के कटघर इलाके में छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने छात्रा को धमकी दी है। बलुआघाट निवासी एक कारोबारी की बेटी कटघर में कोचिंग पढ़ने जाती है। आरोप है कि कोचिंग से पैदल लौटते समय बाइक सवार युवकों ने अश्लील कमेंट किया। छात्रा ने शोर मचाया तो शोहदे धमकी देते हुए भाग निकले। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर नहीं दी गई है।