6 सैनिकों को मिला वीरता पुरस्कार

भारतीय सैना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की कार्रवाई पूरी जानकारी सामने आई है। सूत्रों की माने तो सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देने वाले 19 सैनिकों में से गणतंत्र दिवस के अवसर पर 6 को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सुरक्षा कारणों से इन जवानों के नाम सार्वजनिक नहीं किये गए। एक अखबार की माने तो वीरता पुरस्कार पाने वाले छह जवानों ने आमने-सामने की लड़ाई में 10 दुश्मनों को मौत के घाट उतारा था। अधिकतर ने नजदीकी लड़ाई में दुश्मनों को गोलियों से भून डाला।

रिकॉर्ड में दर्ज है सर्जिकल स्ट्राइक

आधिकारिक रिकॉर्ड की माने तो इस हमले में आतंकियों के साथ पाकिस्तानी सेना को भी जानमाल का भारी नुकसान पहुंचा था। दो अधिकारियों ने खुद चार-चार पाक आतंकियों को मारा। एक सैनिक अपने सहयोगी के साथ दुश्मन के ठिकाने पर पहुंचा। उसने खुले में दो संतरियों को मार गिराया। सैनिक ने चार दुश्मनों को नजदीकी लड़ाई में मार गिराया। सैनिक ने निर्णायक सोच, दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस का परिचय दिया। वीरता पुरस्कार पाने वाले एक अफसर के बारे में लिखा है कि आतंकियों और उनका साथ दे रहे दुश्मनों की तीखी जवाबी प्रतिक्रिया के बावजूद वह दुश्मनों से मोर्चा लेते रहे। इसके साथ ही वह अपनी टुकड़ी को दुश्मनों के ठिकानों को खत्म करने के लिए प्रेरित करते रहे। उनकी आक्रामकता और लगातार प्रेरणा से उनके लोगों ने कम संख्याबल होने के बावजूद जोरदार तरीके से दुश्मन पर हमला किया। उन्हें मानसिक तौर पर कमजोर कर दिया।

जब पाकिस्तानी सैनिकों को मिली हार

रिकॉर्ड में एक सैनिक के अदम्य साहस को भी जगह दी गई है। सैनिक ने अपने सहयोगियों को मुश्किल में देख सामने से हो रही फायरिंग की ओर ही दौड़ पड़ा ताकि दुश्मनों का ध्यान उस पर आ जाए। अनुभवी सैनिक ने जब यह देखा कि उसके पक्ष को नुकसान हो सकता है तो उसने अपनी जान दांव पर रखकर फायरिंग कर रहे दुश्मनों की ओर दौड़ पड़ा और दो दुश्मनों को मार डाला। हमला कर रही टीम का नेतृत्व कर रहे कमांडर ने लक्ष्य पर पंहुचकर पहरा दे रहे दो दुश्मनों को सामने से गोलियों से भूना। इसके बाद जंगल में छिपी अपनी टीम के सदस्यों को आदेश दिया कि वह मुख्य लक्ष्य पर हमला करें। इस हमले में आतंकियों सहित पाकिस्तानी सैनिकों को भी मुंह की खानी पड़ी।

Interesting News inextlive from Interesting News Desk

Interesting News inextlive from Interesting News Desk