एक्सक्लुसिव न्यूज

- फेम सिंगर विनोद राठौर और पामेला जैन ने नगर आयुक्त के शब्दों को सुरों में पिरोया

- चौकी चौराहा की एलईडी पर भी होगा प्रसारण, लोगों को अवेयर कर शहर बनाएंगे स्मार्ट

BAREILLY:

कचरे के बोझ से दबते जा रहे बरेली शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर आयुक्त ने अनूठी पहल की है। उन्होंने एक म्युजिकल वीडियो रिलीज किया है। जिसके बोल खुद नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने लिखे हैं। शब्दों को विनोद राठौर और पामेला जैन ने अपनी सुरीली आवाज दी है। 20 अक्टूबर को वीडियो यूट्यूब पर भी 'आओ स्वच्छ बनाएं अपना बरेली' नाम से अपलोड किया है। जिसका मुखड़ा 'यहां है कूड़ा वहां है कचरा जगह-जगह सब गंदा है इसके लिए ऐ प्यारी बरेली तुझसे हम शर्मिदा हैं' है।

यूं बनाई प्लानिंग

नगर आयुक्त के मुताबिक बगैर शहरवासियों की पहल यानि सहभागिता के स्मार्ट सिटी का महायज्ञ सफल नहीं हो सकेगा। सफाई के प्रति और शहर के गौरव का सम्मान करने की अलख लोगों में जगाने के लिए ही यह प्रयास किया है। तैयार हुई इस ऑडियो वीडियो क्लिप के जरिए बरेली शहर को स्वच्छ, स्मार्ट बनाने के प्रति अवेयर किया जाएगा। क्लिप चौकी चौराहा पर लगी एलईडी समेत कूड़ा वाहनों पर एलईडी वाल की तरह लगाए जाने का प्लान बना है। यूट्यूब पर महज 24 घंटे में सैकड़ों व्यूअर्स और कईयों ने लाइक व सब्सक्राइब कर लिया है।

सोच में समाए स्वच्छता

तीन बार स्मार्ट सिटी और एक बार स्वच्छता सर्वेक्षण में फ्लॉप होने की मुख्य वजह शहर का कूड़ेदान में तब्दील होना माना जा रहा है। सॉलिड वेस्ट प्लांट बंद होने और ट्रेंचिंग ग्राउंड पर एनजीटी में चल रहे मामले की वजह से शहर में कूड़ा निस्तारण करने में नगर निगम को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शहरवासियों को कम कूड़ा फेंकने और कूड़े का हरे और नीले डिब्बों में फेंकने की जानकारी देने की पहल शुरू हुई है। नगर आयुक्त ने संभावना जताई है कि ऑडियो वीडियो क्लिप को देखने और सुनने के बाद लोगों में शहर को स्वच्छ रखने के प्रति सोच जरूर बदलेगी।

दो रियल और एक एनिमेटेड डॉक्यूमेंट्री।

- 'हम शर्मिदा हैं' यह पहली वीडियो क्लिप के बोल हैं। जिसे म्युजिशियन और सिंगर्स की ओर से बेहद ही भावनात्मकता के साथ प्रस्तुत किया गया है। इस वीडियो क्लिप में शहर की दुर्दशा, कचरे के ढेर, लोगों द्वारा रास्तों पर गंदगी फेंकने से सड़कों का हाल दिखाया गया है।

- दूसरी वीडियो क्लिप में शहर के पर्यटन स्थल की दुर्दशा दिखाई गई है। जिसमें गांधी उद्यान, जलतरंग, अक्षर विहार, सात नाथ, दरगाह और चर्च के बाहर कूड़ा कचरा और उनकी दुर्दशा दिखाई है। जिनका संक्षिप्त इतिहास भी दिखाया और बताया गया है।

- तीसरी स्लाइड यानि वीडियो में एनिमेशन के जरिए शहर में कूड़ा कम होने पर साफ सफाई, पर्यटन स्थलों के बाहर की स्थिति को दिखाया जाएगा। जिसके बाद साफ सफाई की अपील नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शहरवासियों से की है।

एक नजर में

- 80 वार्ड हैं बरेली में

- 46 डलावघर हैं नगर निगम सीमांतर्गत

- 110 कूड़ा वाहन प्रतिदिन उठा रहे कूड़ा

- 20 चौराहे स्वाइप मशीन से हो रहे साफ

- 5 ज्यादा गंदे वार्ड प्रथम चरण में होंगे शामिल

- 4 कूड़ा वाहन पर लगेगी एलईडी वॉल्व

शहर स्वच्छ हो जाए तो 50 परसेंट प्रॉब्लम सॉल्व हो जाएगी। जिसके लिए ऑडियो वीडियो क्लिप बनाकर यूट्यूब पर अपलोड की है। जो नगर विकास मंत्री के आदेश पर बजट के अनुसार कूड़ा वाहनों पर लगाई जाएगी।

राजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर आयुक्त