- एसएन में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव के साथ आराम फरमा रहे तीमारदार

- वार्ड में बे रोक-टोक एंट्री

आगरा। ताज नगरी में स्वाइन फ्लू के मरीज दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। सीजन बीत जाने के बाद भी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव के केसों में लगातार इजाफा हो रहा है लेकिन फिर भी इसके इंफेक्शन को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा। मरीजों के लिए इलाज के दौरान दूसरे मरीजों में इंफेक्शन न फैले, इसके लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में आइसोलेशन वार्ड तो बना दिया गया लेकिन वार्ड में तीमारदारों में बे रोक-टोक एंट्री है।

मरीज के साथ लेटे आराम फरमा रहे तीमारदार

आमतौर पर स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीजों के अलग से वार्ड बनाया जाता है जहां इंफेक्शन न फैलने के लिए काफी सावधानी बरती जाती है। वायरस छूने भर से फैल जाता है इसीलिए वार्ड में डॉक्टर के अलावा बहुत कम लोग ही आ-जा सकते हैं। लेकिन एसएन के आइसोलेशन वार्ड का कुछ और ही नजारा है। वार्ड में मरीजों के साथ तीमारदारों की एंट्री भी बे रोक-टोक हो रही है। यही नहीं, एच1एन1 पॉजिटिव मरीज के साथ महिला अटेंडेंट बिस्तर पर बिना किसी मास्क के बैठी है और दूसरी अटेंडेंट दूसरे बेड पर आराम फरमा रही है।

160 से ऊपर निकले पॉजिटिव

इस वर्ष स्वाइन फ्लू से आगरा में 160 से ऊपर मरीज पॉजिटिव आएं हैं और 4 मौतें हो चुकी हैं। स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने से ही इसका संक्रमण फैल जाता है। मरीज के पास आने के लिए भी अटेंडेंट को एन-95 मास्क और ग्ल्ब्ज की जरूरत होती है। तीमारदार को इंफेक्शन से बचने के लिए बार-बार हाथ धोने चाहिए, लेकिन वार्ड में घुसने वाले तीमारदार इस बात का बिल्कुल ध्यान नहीं रख रहे और इंफेक्शन फैला रहे हैं।