दिन में घट रहा तापमान तो रात में चढ़ रहा पारा

ALLAHABAD: दिसंबर के शुरू होते ही आई ठंड ने उल्टी गंगा बहा दी है। इस समय जहां एक तरफ दिन में लगातार पारा नीचे की तरफ जा रहा है, वहीं रात में यह ऊपर की ओर चढ़ रहा है। एक सप्ताह पहले तक दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास था और रात में यह 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। बीते चार दिनों में हालात एकदम से उलट हो गये हैं। दिन का तापमान जहां सात सेल्सियस तक लुढ़क गया है। वहीं रात का पार इतना ही बढ़ गया है।

तीन दिन बाद निकला सूरज

दिसम्बर की शुरुआत में ही घने कोहरे ने समूचे उत्तर भारत में दस्तक दी थी। तीन दिन तक घना कोहरा छाया रहा। रविवार को सूरज के दर्शन हुए। दिन का तापमान बीते एक सप्ताह की तुलना में 30 डिग्री सेल्सियस से गिरकर संडे को धूप निकलने के बावजूद 25.9 डिग्री सेल्सियस पर रहा। सैटरडे को अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। एक सप्ताह पहले रात का तापमान जहां 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। वह तेजी से चढ़कर सैटरडे को 19.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। हालांकि संडे को रात में 18.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

कोहरा छंट रहा बढ़ेगी गलन

रात के तापमान में दर्ज वृद्धि ने अधिकतम और न्यूनतम तापमान के अंतर को कम कर दिया है। संडे को अंतर केवल 7 डिग्री सेल्सियस का था। राहत की बात है कि लोगों को दिन और रात में ठंड भले ही महसूस हो रही हो, अभी तक गलन नहीं महसूस हो रही है। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में ज्योग्राफी डिपार्टमेंट के डॉ। एसएस ओझा का कहना है कि कोहरा छंटता नजर आ रहा है। यदि जल्द इसकी वापसी न हुई तो गलन बढ़ सकती है।

अधिकतम और न्यूनतम तापमान

------------------------

28 नवम्बर- 30.0, 13.0

29 नवम्बर- 29.0, 13.0

30 नवम्बर- 26.0, 16.0

01 दिसम्बर- 23.4, 17.4

02 दिसम्बर- 21.0, 18.0

03 दिसम्बर- 23.5, 19.9

04 दिसंबर - 25.9, 18.9