- खोराबार पुलिस कर रही थी तलाश

- पेड़ काटने पर वन कर्मचारियों पर किया था हमला

GORAKHPUR: कुसम्ही जंगल में वन कर्मचारियों पर हमले के आरोपी पकड़े गए। रविवार की रात खोराबार पुलिस ने कार्रवाई की। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। उनके अन्य साथियों की जानकारी जुटा रही है। तस्करों के हमले में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार

वन कर्मचारियों पर हमले के आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार की रात पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर पहुंची। फोर्स देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन पकड़े गए। पुलिस की मानें तो जंगल, उसके दो बेटे कन्हैया और गोलू, रणजीत, राम कुमार, शिवचरण, छविलाल, महेंद्र, लालजी, श्याम सुंदर, कालीचरण को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के नाम, पते की पुष्टि की जा रही है। अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कई वन कर्मचारी गंभीर

कुसम्ही जंगल में अवैध ढंग से पेड़ काट रहे तस्करों ने वन विभाग की टीम पर हमला किया था। 28 सितंबर की रात करीब ढाई बजे तस्कर जंगल में सक्रिय थे। गश्त पर निकले वन कर्मचारी पहुंची तो मुठभेड़ हो गई। इस हमले में रेंजर शैलेंद्र चतुर्वेदी के ड्राइवर संतोष कुमार और फॉरेस्टर महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य कर्मचारियों को भी चोट लगी। फॉरेस्टर अजीत सिंह ने तस्करों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, जंगल की संपति की चोरी सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। वन टांगिया नर्सरी निवासी तूफानी, राजेश, मंगल, अजय, विनोद सहित 10 लोगों को नामजद किया।

रविवार की रात पुलिस ने दबिश देकर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। नामजद आरोपियों में वह शामिल हैं या नहीं। इसकी तस्दीक करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा।

- रामशीष सिंह यादव, एसओ, खोराबार