- हिन्दू युवा वाहिनी ने फूंका पुतला, पुलिस से हुई झड़प

- भाजपा पार्षद के खिलाफ दी गई तहरीर

- भाजपा ने डीएम ऑफिस पर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

GORAKHPUR: कैबिनेट मंत्री आजम खां द्वारा मंगलवार को गोरखपुर में दिए योगी आदित्यनाथ और संतों के खिलाफ बयान को लेकर शहर आक्रोशित हो चुका है। बुधवार को बयान के विरोध में शहर में जगह-जगह प्रदर्शन हुआ और पुतला फूंका। वहीं प्रदर्शन के दौरान आजम खां पर पारिवारिक टिप्पणी करने पर सपा के मनोनीत पार्षद शिवाजी शुक्ला ने भाजपा पार्षद राजेश जायसवाल के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी।

जमकर हुआ विवाद

सुबह 11 बजे के करीब सैकड़ों की संख्या में अली नगर के पार्षद राजेश जायसवाल के नेतृत्व में दुकानदार और नागरिक सड़क पर उतरे और आजम खां के खिलाफ नारे लगाते हुए सड़क पर घूमे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के पार्षद के नेतृत्व में आजम खां का पुतला फुंका। इस दौरान पार्षद राजेश जायसवाल ने आजम पर पारिवारिक टिप्पणी कर डाली। कैबिनेट मंत्री आजम खां के खिलाफ बुधवार को कचहरी चौराहे पर पुतला फूंकते समय कार्यकर्ताओं और पुलिस वालों में जमकर विवाद हुआ। पुलिस वालों ने कार्यकर्ताओं से हाथापाई के दौरान 15 मिनट तक पुतला लेने में पुलिस नाकाम रही। बाद में कार्यकर्ता पुतला फूंकने में सफल हो ही गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आजम की होर्डिग पर कीचड़ फेंका और उसे फाड़ भी दिया। वहीं भाजपा महानगर की टीम ने अंबेडकर चौराहे से डीएम आफिस तक रैली निकाली और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा।