जमीन के संबंध में वार्ता, कोर्ट निर्णय न आने तक यथास्थिति के आदेश

सपा प्रदेश सचिव की शिकायत पर नगर निगम को आई जमीन की सुध

फीरोजाबाद : नगर निगम अधिकारियों को अपनी जमीन की ही जानकारी नहीं थी। सपा प्रदेश सचिव की शिकायत पर नगर निगम अधिकारियों को अपनी जमीन की सुध आई। यह मामला डीएम के दरवार में पहुंचा। नगर निगम अधिकारियों और जमीन पर दावा करने वालों के बीच वार्ता हुई। अब इस मामले में कोर्ट निर्णय न होने तक यथास्थिति कायम रखने के आदेश जारी किए हैं।

पिछले वर्ष सपा प्रदेश सचिव मीना राजपूत ने प्रदेश शासन व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज सोफीपुर में खाद डालने वाले गड्ढे, खाल निकालने वाली जमीन, नगर निगम की जमीन, ग्राम सभा के नाले को पाइप डाल पाटने की शिकायत की थी। शिकायत पर जांच हुई और खाद डालने व खाल निकालने वाले स्थल पर कब्जे में करीब छह माह पूर्व मुकदमा भी दर्ज हुआ था। शिकायत के बाद मामला सामने आया तो नगर निगम अधिकारी जागे। बुधवार को उप नगर आयुक्त प्रमोद कुमार व राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंच यथा स्थिति को देखा। अब यह मामला डीएम विजय किरन आनंद के दरवार तक पहुंच गया। गुरुवार को नगर निगम की जमीन पर दावा करने वाले और नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में डीएम के समक्ष वार्ता हुई।

इस दौरान जमीन पर दावा करने वालों ने पालिका कार्यकाल का बोर्ड की सहमति संबंधी पत्र भी दिखाया। कई घंटे की वार्ता के बाद डीएम ने दोनों पक्षों को आदेश किए हैं कि अब इस मामले की सुनवाई कोर्ट में होगी। कोर्ट के निर्णय न आने तक इस मामले में कोई भी पक्ष कोई निर्माण कार्य नहीं कराएगा। उप नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया सोफीपुर पर विवादित जमीन वाले स्थल पर नगर निगम की कई हजार वर्ग फुट जमीन है। यह जमीन एक ही रकवा में है, जो नगर पालिका (अब नगर निगम) के नाम दर्ज है। अब इस मामले में कोर्ट के निर्णय बाद ही कार्रवाई होगी।