-पनकी रेलवे ट्रैक पर मिला शव, अवैध संबंध में हत्या का आरोप

-बर्रा के रविदासपुरम का रहने वाला था मृतक, रात को घर से निकला था

-पड़ोसी पर महिला के पति पर लगाया आरोप, पुलिस ने जांच में जुटी

KANPUR : ट्यूजडे को पनकी रेलवे ट्रैक पर एक सिलाई कारखाना के मालिक का क्षत विक्षत शव पुलिस ने बरामद किया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस इसे महज एक हादसा साबित करने में जुटी रही। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने इसे सोची समझी साजिश के तहत हत्या बताया है। परिजनों ने पड़ोसी महिला के पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने कम्पलेन लेकर उनको शांत कराया।

पूर्व महिला कर्मचारी कर रही थी प्रताडि़त

बर्रा के रविदासपुरम में रहने वाले दीपक राठौर (24) का घर के ग्राउण्ड फ्लोर में सिलाई कारखाना था। घर पर मां रानीदेवी, भाई अनूप और दो बहनें हैं। दीपक पर ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। आरोप है कि दीपक की पड़ोसी महिला का उसके घर पर आना-जाना था। वो दीपक के काम में हाथ भी बंटाती थी। दीपक उसको मेहनताना देता था। महिला के पति उस पर शक करने लगा। उसने दीपक के घर जाकर परिजनों की धमकी दी कि दीपक के उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। अगर दीपक से उससे मिलना बन्द नहीं किया तो वो उसकी हत्या कर देगा। इस धमकी के बाद दीपक परेशान था।

जरूरी काम बता कर रात में निकला

मंडे रात को दीपक कारखाने में कोई जरूरी काम बता कर घर से निकला था। ट्यूजडे की दोपहर में पनकी पुलिस ने दीपक के परिजनों को उसकी मौत की जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने बताया कि पनकी रेलवे ट्रैक पर दीपक का शव मिला है। उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जिस पर दीपक के परिजनों को विश्वास नहीं हुआ। वे भागकर मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने दीपक की हत्या का आरोप लगाकर बवाल कर दिया। परिजनों ने पड़ोसी महिला, उसके पति समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस इसे हादसा मान रही है। एसओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा या सुसाइड का केस प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस पड़ताल कर रही है। मृतक के परिजनों के आरोपों की भी जांच की जाएगी ताकि सच्चाई पता चल जाए।