- पालिका अध्यक्ष का पब्लिक ने किया घेराव

- नवीन पुल पर लगाया एक घंटे का भीषण जाम

- गंगा किनारे से 200 मीटर परिधि के कब्जे ढहाने का मामला

SHUKLAGANJ:

गंगा तट से 200 मीटर के दायरे में अवैध निर्माण गिराए जाने की मुनादी के बाद लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने जमकर हंगामा काटा और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित भीड़ ने पहले नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया, जहां पर अध्यक्ष के न मिलने पर सभी उनके घर पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची गंगाघाट थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, जिसे लेकर भीड़ की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। हालांकि, बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया।

फरमान से मच गया हड़कंप

बता दें हाल ही में प्रशासन ने गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए आसपास अवैध ढंग से बसी आबादी को दूर करने का फैसला लिया था। इस संबंध में नगर पालिका ईओ उमेश कुमार मिश्रा के बयान के आधार पर अखबारों में खबरें भी प्रकाशित हुईं। इसे लेकर गंगा तट किनारे बसी सैकड़ों की आबादी में हड़कंप मच गया था। शुक्रवार को पालिका की ओर से इसे लेकर मुनादी भी कराई गई, जिसके बाद इंदिरानगर में रहने वाले एक वृद्ध ने सदमे में खुद पर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा ली थी।

सुबह से ही जुट गई भीड़

शनिवार को भी इस कार्यवाही को लेकर लोगों का विरोध और आक्रोशित तेवर सुबह से ही नजर आने लगे थे। सैकड़ों लोगों की भीड़, जिसमें महिलाएच्, बच्चे व बूढे़ शामिल थे। राजधानी मार्ग स्थित नगर पालिका कार्यालय पर पहुंच गए। कुछ समझ में आता उससे पहले ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि, यहां किसी जिम्मेदार अधिकारी के न मिलने पर सभी ऋषिनगर स्थित पालिका अध्यक्ष मनोज गुप्ता के आवास पहुंचे और उनका घेराव किया। अध्यक्ष ने लोगों को उनके आशियाने न छिनने का आश्वासन दिया। इसके बाद भीड़ बालू घाट की ओर रवाना हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया तो उनसे भी झड़प हो गई।

आश्वासन के बाद भी लगाया जाम

इसके बाद भीड़ नवीन पुल की तरफ पहुंची और आश्वासन के बाद भी जाम लगा दिया। जो दोपहर 12 बजे तक करीब एक घंटे का लगा रहा। इससे दोनों ओर से यातायात प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंचे पालिका अध्यक्ष ने उन्हें आश्वासन देकर शांत कराया।