29 जनवरी को पुलिस लाइंस से होगा बाइकाथन सीजन-8 का आगाज

ALLAHABAD: देर मत कीजिए। 29 जनवरी की सुबह पुलिस लाइंस से आयोजित होने वाली बाइकाथन सीजन-8 साइकिल रैली का रजिस्ट्रेशन आज ही करा लीजिए। ऐसा न हो कि आप पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली इस रैली में शामिल होने से चूक जाएं। रजिस्ट्रेशन के लिए हमारी ओर से शहर में कुल 16 रजिस्ट्रेशन स्पॉट सेलेक्ट किए गए हैं, जहां आपको फिलअप करने के लिए फार्म उपलब्ध हो जाएंगे।

महज सौ रुपए है रजिस्ट्रेशन शुल्क

साइकिल रैली के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का शुल्क महज सौ रुपए रखा गया है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले को किट के रूप में एक टीशर्ट और कैप मिलेगी। इसके अलावा लकी ड्रा के जरिए पांच साइकिलें, टीशर्ट, तीन शर्ट, पांच हेडफोन और तीन सन ग्लास जीतने का अलग से मौका मिलेगा। यह भी बता दें कि यह रेस नही बल्कि फन और फिटनेस से भरपूर साइकिल रैली है। आपको केवल निर्धारित दूरी ही तय करनी है। इसलिए आज ही अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराकर इस महा आयोजन का हिस्सा बन जाइए। बाइकाथन में शामिल होने के लिए प्रतिभागी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं।

यहां से गुजरेगी साइकिल रैली

पुलिस लाइंस से स्टार्ट होकर नया पुरवा, एमएनएनआईटी, बैंक रोड, लल्ला चुंगी, आनंद भवन, बालसन चौराहा, हिंदू हास्टल होते हुए वापस पुलिस लाइंस पर समाप्त होगी।

स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए साइकिलिंग जरूरी

बचपन में तो सभी साइकिल चलाते हैं लेकिन बढ़ती उम्र के साथ इससे दूरी बनने लगती है। एक अधिकारी होने के नाते मुझे भी इस बात का अहसास अक्सर होता है। जबकि, स्वास्थ्य और पर्यावरण की दृष्टि से साइकिलिंग एक अहम पार्ट है। यह सभी के लिए जरूरी है। अगर रोजाना आधे घंटे साइकिलिंग की जाए तो तन-मन स्वस्थ रहते हैं। पढ़ाई के दौरान मेरा पहला क्रश साइकिल से ही था। सुबह से शाम तक साइकिल चलाने में कब समय बीत जाता था, पता ही नही चलता था। आज के दौर में यह आदत कब पीछे छूट गई, याद ही नही रहा। लेकिन अब लगता है कि एक बार फिर साइकिल की हैंडिल थाम ली जाए। अपनी सेहत और पर्यावरण के लिए कुछ समय निकालना तो जरूरी है। मेरी तो सभी से अपील है कि रोजाना कुछ देर के लिए साइकिल जरूर चलाएं। आई नेक्स्ट का यह प्रयास भी काबिले तारीफ है। स्कूली बच्चों के साथ प्रत्येक उम्र वर्ग के लोगों को इस इवेंट में शामिल करके सोसायटी को बेहतर संदेश दिया जा रहा है।

आंद्रा वामसी, मुख्य विकास अधिकारी