आईजी जोन आफिस के बाहर एक फरियादी घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त

सिविल लाइंस पुलिस ने स्कार्पियो सीज कर युवक को गिरफ्तार किया

ALLAHABAD: थार्नहिल रोड स्थित आईजी दफ्तर पर सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते रह गया। दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर दफ्तर में घुस गई। उसकी टक्कर से आफिस के सामने बना गार्ड रूम क्षतिग्रस्त हो गया और कई पुलिसकर्मियों की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत थी कि फरियादियों की भीड़ दूसरी तरफ खड़ी थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि कार को अपनी ओर आती देख फरियादियों में मची भगदड़ से एक महिला के पैर में चोट लगी है। स्कार्पियो रिटायर्ड सीडीओ का बेटा चला रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर स्कार्पियो सीज कर दी है।

जन्मदिन का जोश पड़ा भारी

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के स्टेनली रोड निवासी रिटायर्ड सीडीओ रघुनाथ शरण के बेटे आदित्य शरण का सोमवार को जन्मदिन था। वह दोपहर में स्कार्पियो से अशोक नगर जा रहा था। थार्नहिल रोड पर अचानक वह अनियंत्रित हो गई। जब तक लोग कुछ समझते स्कार्पियों ने गार्ड रूम को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के वक्त वहां कई पुलिसकर्मी खड़े थे, लेकिन गाड़ी को देख वहां से भाग खड़े हुए थे।

पति के साथ आई थी गुहार लगाने

राजू नामक एक शख्स अपनी पत्‍‌नी को लेकर आईजी के यहां गुहार लगाने पहुंचा था। तभी यह हादसा हो गया। हादसे में राजू की पत्‍‌नी के पैर में चोट आई है। उसे मेडिकल के लिए एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। आईजी दफ्तर में हादसे की खबर पाकर सीओ श्रीश चंद और इंस्पेक्टर शिव मंगल सिंह पहुंच गए। गाड़ी चला रहे आदित्य शरण को गिरफ्तार कर गाड़ी सिविल लाइंस थाने लाई गई। सीओ के मुताबिक गाड़ी सीज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।