KANPUR :

कुलीबाजार में गोली लगने से घायल विवाहिता की शुक्रवार को मौत हो गई। विवाहिता को उसके पति ने ही गोली मारी थी। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में एडमिट कराया था। जहां वो मौत से जंग लड़ रही थी, लेकिन शुक्रवार को वो हार गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

लव मैरिज की थी

अनवरगंज के कुलीबाजार में रहने वाला माविया खान चप्पल कारोबारी है। डेढ़ साल पहले उसने सोफिया (22) से लव मैरिज की थी। शादी के कुछ दिनों बाद तक तो सब ठीक रहा, लेकिन फिर दोनों में मनमुटाव होने लगा। माविया का कारोबार भी ठीक नहीं चल रहा था। आरोप है कि माविया ने सोफिया के परिजनों से रुपए की मांग की थी, लेकिन वे आर्थिक तंगी के चलते उसकी मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे। जिसके चलते माविया का अक्सर सोफिया से झगड़ा होता था।

सिर में लगी थी गोली

आरोप है कि 13 सितंबर को दोनों में फिर झगड़ा हुआ। गुस्से में माविया ने सोफिया को गोली मार दी। गोली उसके सिर में लगी थी। परिजनों ने उसको हैलट में एडमिट कराया था। एसओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।