आगरा। सिटी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने एक पूर्व पार्षद के घर को निशाना बना लिया। चोर यहां से लाखों रुपये के जेवर-नगदी पर हाथ साफ कर गए। उधर चोरों ने हींग की मण्डी में शू कारोबारियों को भी निशाना बनाया। जंगले काट कर घुसे चोर यहां से हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। जबकि मार्केट में रात में दो चौकीदार मौजूद रहते हैं।

पूर्व पार्षद के मकान को बनाया निशाना

मोती महल निवासी ओम प्रकाश शिवाका पुत्र स्व। मंगलसेन बीएसपी से सभासद रह चुके हैं। उनकी पत्नी शीला शिवाका भी पूर्व में पार्षद रह चुकी हैं। उनके चार बेटे हैं। सबसे छोटे बेटे प्रवीन की 28 मई को शादी होनी है। पांच अप्रैल को लगुन कार्यक्रम है। परिजन दुल्हन के जेवर खरीद कर लाए थे। जो कि उन्होंने बक्से व अलमारी में रख दिए थे।

रात में चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

पार्षद का परिवार रात में दूसरे मकान में सो रहा था। जिस मकान में सामान रखा था वहां पर परिवार का खाना बनता है। रात में किसी समय चोरों ने मकान को निशाना बना लिया। मेनगेट का ताला तोड़ कर चोर घर के अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने यहां पर बक्सों के लाते तोड़ दिए। अलमारी को भी खोल दिया था।

लाखों के माल पर किया हाथ साफ

चोरों ने बक्से व अलमारी में रखे जेबरातों को बाहर निकाल लिया। नगदी पर भी हाथ साफ कर दिया। अलमारी में रखे कपड़ों को बाहर निकाल लिया। एक-एक सामान को खंगाल दिया। अलमारी को पूरी तरह से खाली कर दिया।

सुबह पता चली वारदात

सुबह 5.10 पर ओम प्रकाश की आंख खुली तो पुराने मकान की तरफ गए। वहां गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था। बक्सों के लॉक टूटे पड़े थे। अलमारी का सारा सामान बाहर बिखरा था।

इतना माल ले गए चोर

पीडि़त के मुताबिक चोर उसके यहां से छह सोने की चूडि़यां, एक सोने का कॉलर, तीन चेन, दो जोड़ी पाजेब, एक कंदोनी, एक नथ, एक टीका सोने का के अलावा 22 हजार रुपये व शादी के कपड़े चोरी कर ले गए हैं। पीडि़त ने इस सम्बंध में थाना एत्माद्उद्दौला में तहरीर दी है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी।

पांच दुकानों में किया हाथ साफ

चोरों ने बीती रात कोतवाली थाना क्षेत्र में हींग की मंडी शू मार्केट में पांच दुकानों को निशाना बना लिया। चोरो ने यहां पर प्रयास तो पूरा किया लेकिन दो दुकानों में उन्हें कुछ नहीं मिला जबकि तीन दुकानों से वह नगदी उड़ा ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी। पीडि़तों ने थाने में तहरीर दी है।

इनकी दुकानों में घुसे चोर

हींग की मंडी में शू मार्केट गेट नम्बर दो में चोरों ने सिकंदर की फ्रेशको, अहमद की शेम्पो, शहजाद की वास्को ट्रेडर्स, सिराज रहमान की स्विफ्ट, अवीब उर रहमान की फ्रीडम ट्रेडर्स नाम की दुकानों को निशाना बना लिया। इसमें सिकंदर की छत तोड़ने का प्रयास किया गया। तीन दुकानों से चोर कैश भी ले गए।

इतना माल गया पीडि़तों का

चोरों ने सिराज रहमान की दुकान में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया। यहां से 40 हजार कैश व अवीब उर रहमान का 25 हजार रुपया के अलावा शान अहमद का 25 हजार कैश पार कर दिया जबकि शहजाद के काउंटर के दराज तोड़े गए लेकिन कुछ मिला नहीं। पीडि़तों ने इस सम्बंध में थाने में तहरीर दी है।