- नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, आरोपियों में एक बालिग व दो नाबालिग शामिल

- मुख्य आरोपी को न्यायालय व नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में किया गया पेश

DEHRADUN: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मंगलवार को गणेश विहार में घर से जेवरात व दीपनगर मेंएक दुकान से हुई चोरी का खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक बालिग व दो नाबालिग हैं। मुख्य आरोपी को न्यायालय व नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया।

घर से जेवरात किए थे चोरी

दरअसल जगदीश सिंह रावत निवासी गणेश विहार अजबपुर कला की ओर से 18 जनवरी को नेहरू कॉलोनी थाना में तहरीर दी गयी थी कि कुछ अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए हैं। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की। इधर, अभी एक चोरी का खुलासा भी नहीं हुआ था कि 11 फरवरी को विवेक डंगवाल की ओर से थाने में तहरीर दी गयी की दीपनगर स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़ अज्ञात चोरों ने कैमरे व कंप्यूटर का सामान चोरी कर लिया है।

पुलिस ने किया चोरी का खुलासा

चोरी की घटना के बाद पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर की सुचना पर मंगलवार को पुलिस ने नेहरू कॉलोनी में घूम रहे तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उन्होंने दोनों चोरी की घटना को कबूल किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गये युवकों में मुख्य आरोपी शुभम नेगी पुत्र बाबूलाल निवासी लक्खी बाग है, जो लंबे समय से चोरी की घटना में संलिप्त था। आरोपियों से 1 सोने की चेन, 1 मंगल सूत्र, 1 जोड़ी टॉप्स, 3 हीरे के नग, निकॉन कंपनी का कैमरा, 1 जूम लैंस, 1 हार्ड डिस्क बरामद हुई है।