आगरा। राष्ट्रीय लोकदल ने जनपद की तीन सीटों पर शनिवार को प्रत्याशी की घोषणा कर दी। रालोद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर ने बताया कि जनता दल यूनाइटेड, जनता दल सेक्यूलर, एनसीपी और बीएस फोर के साथ रालोद का गठबंधन है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सपा और कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात उन्हीं की ओर से चलाई गई थी। रालोद तो अपने दम पर ही चुनाव लड़ने की तैयारी में थी और अब लड़ भी रही है।

तो सीकरी में बदल जाएंगे हालात

भाजपा नेता ने फतेहपुरसीकरी विधानसभा सीट के लिए दावेदारी की थी। टिकट नहीं मिला तो ये नेताजी बागी हो गए। रालोद से संपर्क किया, संभावना जताई जा रही है कि उन्हें रालोद अपना प्रत्याशी घोषित कर सकता है। वहीं लम्बे समय से तैयारी कर रहे रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश चाहर के समर्थकों ने रालोद मुखिया के यहां पर डेरा डाल लिया है। रालोद अगर भाजपा के बागी नेता को अपना प्रत्याशी घोषित कर देता है तो फतेहपुरसीकरी विधानसभा के हालात बिल्कुल बदल जाएंगे। अभी जनता सभी प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार कर रही है।

इन सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी

एत्मादपुर- प्रेम सिंह बघेल

आगरा ग्रामीण- नारायण सिंह सुमन

आगरा कैंट- स्वदेश उर्फ वीरू सुमन