गावस्कर से लेकर धोनी तक नाम बदले हैं। पर किरदार नहीं बदले..टीम इंडिया की कप्तानी के पीछे की कहानी का इतिहास ये बताता है कि धोनी के साथ कुछ नया नहीं हो रहा...यही होता आया है और यही होना था। पेश है सीनियर न्यूज एडिटर उमंग मिश्र का खास विश्लेषण....

भगवान बड़ा कारसाज है..ये शब्द तो मुंशी प्रेमचंद की कहानी मंत्र के हैं। लेकिन ये भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान की कहानी का मंत्र भी है...एक से बढ़कर एक ऐतिहासिक सफलताएं दिलाने वाले कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के इस्तीफे पर बहस चल रही है।  धोनी जैसा कप्तान आज तक भारत में नहीं हुआ और आज भी उनके जैसा दूसरा कप्तान भारत में नहीं है ।माही आज भी भारत के बेस्ट अवेलेबल विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।  इस सबके बाद भी इस बात की मांग हो रही है कि धोनी को वन डे की कप्तानी से भी इस्तीफा दे देना चाहिए।

समय का चक्र एक बार फिर घूम कर वहीं पहुंच गया जहां से धोनी का उदय हुआ था। ये वही महेन्द्र सिंह धोनी हैं। जिन्होंने सीनियर खिलाडिय़ों को एक एक कर विदा किया था। सौरव गांगुली, वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़...इस सबकी विदाई की बेला जल्दी लाने में धोनी का योगदान रहा। लक्ष्मण ने तो शिकायत की थी कि कप्तान धोनी ने उनके संन्यास के ऐलान के बाद उन्हें फोन तक नहीं किया था। तब धोनी सफलता के रथ पर सवार थे। जवान थे। उनके दिमाग में धार और शरीर में ताकत थी। बीसीसीआई में उनका सिक्का चलता था और जनता के दिलों पर वो राज करते थे।

अब वक्त बदला है। बीसीसीआई में धोनी के खास श्रीनिवासन नहीं रहे, बढ़ती उम्र की वजह से चमत्कारिक बैटिंग करना आसान नहीं रहा और अब जवानी विराट कोहली के पास है। धोनी अब भी लोकप्रिय हैं लेकिन लोग भविष्य अब विराट कोहली में देखते हैं। धोनी ने अपने प्रताप के दिनों में किसी को नहीं बख्शा। युवा खिलाडिय़ों का गुट बनाया। एक जमाने में आरपी सिंह और आजकल रवीन्द्र जडेजा उसी ग्रुप के लोग हैं।

टीम इंडिया को चेन्न्ई सुपरकिंग की टीम बना दिया।।इंग्लैंड दौरे पर वीरेन्द्र सहवाग से विवाद की खबर आई तो धीरे धीरे दिल्ली के सभी दिलेर टीम से बाहर होते गए। वक्त का खेल देखिए आज उसी दिल्ली के विराट कोहली धोनी युग का अंत करने पर तुले हैं। असल में धोनी और विराट की कहानी भारतीय क्रिकेट की वो कहानी है जिसमें वक्त के साथ सिर्फ नाम बदलते हैं किरदार नहीं बदलते।

1:-  सुनील गावस्कर बनाम कपिल देव

धोनी यही होना था...तुम्‍हारे साथ

सुनील गावस्कर अपने जमाने में भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा चेहरा थे। 1982 में पाकिस्तान से सीरीज हार कर लौटने के बाद वेस्टइंडीज सीरीज के लिए उस समय के युवा सितारे कपिल देव को कप्तान बना दिया गया।। वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारत ने विश्व कप जीत लिया।।लेकिन कपिल की कप्तानी के अच्छे दिन ज्यादा दिन नहीं रहे।।।गावस्कर और कपिल में शीत युद्ध की खबरें आने लगीं।।।और कुछ दिन बाद एक बार फिर गावस्कर को कप्तान बनाया गया। गावस्कर की कप्तानी में कपिल से विवाद इतना बढ़ा कि इंग्लैंड के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में हार के बाद कपिल को लापरवाही से शॉट खेल कर आउट होने के आरोप में अगले टेस्ट मैच की टीम से निकाल दिया गया। कोलकाता टेस्ट भारत हार गया और कपिल फिर टीम में आए।

1985 में आस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट बेंसन एंड हेजेज कप से पहले गावस्कर खुद इंतजार कर रहे थे कि उन्हें हटाए जाने की फोन कॉल आने वाली है जिसका उल्लेख उन्होंने अपनी किताब वन डे वंडर्स के पहले पन्ने पर किया है। जब उस टूर्नामेंट में उनकी कप्तानी बच गई तो सनी ने ऐलान कर दिया कि इस सीरीज के बाद कप्तानी से संन्यास ले लेंगे। और उसके बाद जो हुआ वो इतिहास है।।गावस्कर ने कप्तानी के तौर पर अपनी आखिरी सीरीज में भारत को चैम्पियन बनवा दिया। ये वही सीरीज थी जिसमें रवि शास्त्री चैम्पियन ऑफ चैम्पिययंस बने थे।।।गावस्कर-कपिल कप्तानी विवाद भारतीय क्रिकेट में महान खिलाडिय़ों की ईगो के कप्तानी से जुड़ जाने की कहानी है।।गावस्कर की कप्तानी का अंत कपिल देव ने किया।

2:- अजहर बनाम सचिन तेंदुलकर

धोनी यही होना था...तुम्‍हारे साथ

मो अजहरुद्दीन को एक कप्तान के रूप में सफल बनाने वाले खिलाड़ी का नाम सचिन तेंदुलकर है। ये वो दौर था जब टीम इंडिया सचिन के बल पर ही जीतती थी और सचिन के आउट होते ही लोग टीवी बंद कर देते थे। सचिन और अजहर के बीच बात तब बिगड़ी जब टीम इंडिया की लगातार हार और अजहर की खराब कप्तानी और बल्लेबाजी के कारण सचिन तेंदुलकर को कप्तान बना दिया गया और अजहर को टीम से बाहर कर दिया गया। अजहर ने बल्लेबाज के तौर पर फिर वापसी की और शानदार प्रदर्शन कर पहले तो टीम में जगह पक्की की लेकिन उसके बाद शुरू हुआ असली खेल।

अजहर रन बनाते थे लेकिन टीम हारती थी...मैच फिक्सिंग की जांच के लिए बने आयोग के सामने सचिन तेंदुलकर ने खुद माना था कि उनकी कप्तानी में अजहर अंडरपरफार्म करते थे लेकिन वो क्यों ऐसा करते थे नहीं पता। चयनसमिति की राजनीति का फायदा उठाकर अजहर फिर कप्तान बने और उसके बाद शुरू हुआ वो दौर जो अजहरूद्दीन पर दाग है। अजहर और सचिन के सम्बंध फिर कभी सामान्य नहीं हुए। दरार की शुरुआत कप्तानी से ही हुई थी।

3:- सचिन बनाम सौरव-द्रविड़

धोनी यही होना था...तुम्‍हारे साथ

अपनी कप्तानी के दौर में सौरव गांगुली कभी भी सचिन तेंदुलकर के साथ ज्यादा कम्फर्टेबल नहीं रहे। शारजाह में तो एक बार सौरव ने सचिन के शतक पर यहां तक कहा था कि ऐसे शतक का क्या फायदा जब टीम हार जाए। राहुल द्रविड़ की कप्तानी के दौर में तो कोच ग्रेग चैपल की मदद से सचिन को ओपनिंग से हटा दिया गया था। सचिन के 194 रन पर होने के बावजूद कप्तान राहुल द्रविड़ का पारी समाप्त घोषित कर देना ये सब टीम के अंदरूनी हालात का रिफ्लेक्शन माने गए लेकिन सचिन , सौरव और द्रविड़ के एक दूसरे के लिए सम्मान और उनकी डीसेंसी की वजह से बाद मनमुटाव ने कभी बदसूरत रूप नहीं लिया।।हालांकि मनमुटाव की जड़ में कप्तान का ईगो ही था।

धोनी ने किया सबका सफाया

धोनी यही होना था...तुम्‍हारे साथ

राहुल द्रविड़ के स्वेच्छा से कप्तानी छोडऩे के बाद सचिन की सलाह पर महेन्द्र सिंह धोनी को टी -20 विश्व कप के लिए कप्प्तान बनाया गया था। धोनी ने युवा खिलाडिय़ों के बल पर ऐसा इतिहास रचा कि वो आगे बढ़ते ही चले गए। इंसटिंग्टिव कप्तानी, साहस, लीडिंग फ्रॉम द फ्रंट ये सब धोनी की पहचान बन गए। धोनी को धीरे धीरे सीनियर खिलाड़ी अखरने लगे। एक एक करके लक्ष्मण, गांगुली और द्रविड़ ने संन्यास लेकर इज्जत बचाई।

भारतीय क्रिकेट में कप्तानी विवाद की कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंची है। टेस्ट में कप्तान बनने के बाद अब विराट कोहली वन डे की कप्तानी के भी दावेदार हैं।उम्र अब उनके साथ है। वक्त कोहली का है। भारतीय कप्तानी का इतिहास बताता है कि जो आज धोनी के साथ हो रहा है वही हर कप्तान के साथ हुआ है। धोनी ने जो किया वही हर कप्तान ने किया भी था। बोर्ड में सबके अपने अपने खंभे थे। गावस्कर के पास राजसिंह डूंगरपुर, गांगुली के पास डालमिया और धोनी के पास श्रीनिवासन।

कप्तानों की गुटबाजी

गावस्कर ने मुंबई का गुट बनाया, सौरव गांगुली ने नए खिलाडिय़ों का गुट बनाया और धोनी ने चेन्न्ई सुपरकिंग्स गुट बनाया। कपिल उत्तर क्षेत्र के खिलाडिय़ों को चुनवाते थे और सचिन समीर दीघे जैसों के समर्थक बन जाते थे। अजहर तो अलग किस्म का ही गुट चलाते थे। फिर हर कप्तान के सामने आया एक युवा सितारा। गावस्कर के सामने कपिल, अजहर के सामने सचिन और सौरव-द्रविड़ के बाद धोनी। अब धोनी के सामने विराट कोहली है।बदला कुछ नहीं है माही।।बड़े से बड़े कप्तान के साथ यही हुआ है। तुम्हारे साथ भी यही होना था।

Hindi News from Cricket News Desk

Interesting News inextlive from Interesting News Desk