-गोंड विकास समिति ने 3 सालों में 130 गरीब जोड़ों की शादी करवाई

-सभी जाति धर्म के गरीबों की शादी करवाती है संस्था

-अभी तक हो चुके हैं 35 रजिस्ट्रेशन

GORAKHPUR: सामाजिक संस्था गोंड विकास समिति पिछले तीन सालों में अभी तक 130 गरीब युवक-युवतियों की शादी करवा चुकी है। इस बार भी 4 मार्च को चम्पा देवी पार्क में संस्था की ओर से 52 जोड़ों की शादी करवाई जाएगी। अभी तक शादी के लिए 35 जोड़ों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। रजिस्ट्रेशन के प्रति जागरूकता के लिए संस्था की ओर से 3 मार्च को जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व सांसद अनुसुईया उइके शामिल होंगी।

अभी तक करा चुके हैं 149 जोड़ों की शादी

गोंड विकास समिति संस्था 2015 से ही शादियां करवाती आ रही है। अभी तक 149 गरीब जोड़ों की शादी करवा चुकी है। संस्था ने 2017 में 37, 2016 में 29 व 2015 में 83 जोड़ों की शादी करवाई थी। इस बार संस्था 4 मार्च को चंपा देवी पार्क में 52 जोड़ों की शादी करवाएगी। जिसमें सभी धर्मो के लोग रजिस्ट्रेशन करवा सकतें हैं।

75 जिलों और 5 राज्यों से आएंगे मेहमान

52 जोड़ाें की शादी में उत्तर प्रदेश के 75 जिले से और छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार व महाराष्ट्र सहित पांच राज्यों से मेहमान आएंगे। संस्था के अध्यक्ष डॉ। गणेश के मुताबिक शादी में 15 से 20 हजार मेहमान शामिल होंगे, जिनके भोजन की व्यवस्था की गई है। शादी परम्परागत ब्राह्मण नहीं करवाएंगे बल्कि पांच राज्यों से गोंड समाज के विद्वान शादी को नियमानुसार सम्पन्न कराने के लिए आएंगे। इन पांच राज्यों से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए कलाकार भी आ रहे हैं।

नवदम्पति को मिलेगा जरूरत का समान

गोंड सेवा समिति की ओर से सभी नवदम्पति को नया जीवन प्रारम्भ करने के लिए जरूरत के सभी समान दिये जाते हैं। इस बार भी सभी 52 जोड़ों को समिति की ओर से लोहे की आलमारी, बड़ा बक्सा, रजाई, गद्दा, बेड, पंखा, कूलर, दुल्हन के श्रृंगार के सभी समान व कपड़े और सभी बारातियों के खाने-पीने की व्यवस्था की जाएगी। शादी में शामिल होने वाले मेहमानों के निमंत्रण के लिए 8 हजार कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।

गोंड सेवा समिति की ओर से पिछले तीन सालों से सभी धर्मो के गरीब युवक-युवतियों की शादी कराई जा रही है। सभी जोड़ों को आवश्यक सामग्री भी दी जाती है। इस बार 52 जोड़ों की शादी करवाई जा रही है।

डा गणेश प्रसाद गोंड

राष्ट्रीय अध्यक्ष, गोंड सेवा समिति