- रामतीर्थ वार्ड में शौचालय की समस्या सबसे ज्यादा गंभीर

- घरों से कचरा भी कलेक्ट नहीं होता, सफाई कर्मी भी बेहद कम

LUCKNOW: रामतीर्थ वार्ड में सबसे प्रमुख समस्या टॉयलेट के रूप में सामने आई है। आलम यह है कि इस वार्ड में टॉयलेट निर्माण की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इसके साथ ही जो टॉयलेट हैं, उनकी स्थिति बेहद खराब है। जिसकी वजह से जनता इनका यूज नहीं कर पा रही है। जनता द्वारा कई बार निगम में शिकायत दर्ज कराई गई, इसके बावजूद टॉयलेट की स्थिति में सुधार लाने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। इस वार्ड में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन समेत कई अन्य समस्याएं भी हैं। जिसकी वजह से जनता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

1-घरों से नहीं उठता कचरा-अन्य वार्डो की तरह इस वार्ड में भी घरों से कचरा कलेक्ट नहीं होता है। जिसकी वजह से लोगों को सड़क पर ही कचरा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसकी वजह से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। त्योहार के बाद तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। इसके साथ ही खाली प्लॉट भी जनता की मुश्किलें बढ़ाने के लिए काफी हैं। इन समस्याओं को दूर किए जाने की जरूरत है।

स्कोर-100/3

2-तारों का जंजाल: इस वार्ड में तारों का जंजाल भी है। नरही बाजार की बात की जाए तो स्थिति बेहद खराब है। बाजार में जाकर देखा जा सकता है कि किस तरह से तारों का मकड़जाल फैला हुआ है। आए दिन तारों में स्पार्किग होती रहती है। जिसकी वजह से व्यापारी खासे परेशान रहते हैं। कई गलियों में भी यही स्थिति देखने को मिलती है। इसके बावजूद इस समस्या को दूर करने के लिए अभी तक कोई भी कदम नहीं उठाए गए हैं।

स्कोर-10/2

3-नालियां-इस वार्ड में सफाई कर्मियों की संख्या बेहद कम है। जिसकी वजह से नियमित रूप से सफाई नहीं हो पाती है। जानकारी के अनुसार, इस वार्ड में जरूरत करीब 60 से 70 सफाई कर्मियों की है लेकिन इस समय सिर्फ 30 से 35 सफाई कर्मी ही आ रहे हैं। सफाई कर्मियों की संख्या से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सफाई का क्या हाल होगा। नालियों की भी नियमित रूप से सफाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

स्कोर-10/4

4-अतिक्रमण-वार्ड के तहत आने वाले नरही बाजार की बात की जाए तो यहां पर अतिक्रमण की समस्या मुंह बाये खड़ी हुई है। आलम यह है कि अतिक्रमण की समस्या के कारण लोगों का पैदल निकलना तक दुश्वार हो जाता है। इसके साथ ही बाजार में कहीं भी पार्किग की व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से बाजार आने वाले लोगों और व्यापारियों को सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। परिणामस्वरूप जाम रूपी समस्या का जन्म होता है।

स्कोर-10/3

5-आवारा जानवर: इस वार्ड में भी आवारा जानवरों की समस्या है। हर गली में आवारा जानवरों की समस्या देखने को मिलती है। नरही बाजार में स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर घूमते आवारा जानवरों के कारण बाजार आने वाले लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आवारा जानवरों की चपेट में आने से आए दिन कोई न कोई राहगीर घायल हो जाता है। इसके बावजूद आवारा जानवरों की धरपकड़ के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्कोर-10/4

फैक्ट फाइल

वार्ड-रामतीर्थ

वार्ड नंबर-65 (अब 22)

जनसंख्या-35 हजार

वोटर्स-25 हजार

इलाके-नरही बाजार, साकेतपल्ली, पार्क रोड, मीराबाई मार्ग आदि

वार्ड बोलता है

यह बात सही है कि इलाके में टॉयलेट की स्थिति बेहद खराब है। बाजार क्षेत्र में तो हालात और भी दयनीय है। शौचालय की स्थिति दुरुस्त न होने के कारण व्यापारियों को खुले में ही बाथरूम आदि करने जाना पड़ता है। कई बार इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अभी तक समस्या को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।

राजेंद्र कुमार अग्रवाल

घरों से कचरा कलेक्ट करने की कोई व्यवस्था नहीं है। इसकी वजह से सड़क पर ही कचरा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसके साथ ही टॉयलेट की भी स्थिति बेहद खराब है। इसकी वजह से व्यापारी वर्ग खासा परेशान होता है। निगम को इस समस्या को दूर करने के लिए ध्यान देना चाहिए, जिससे हर किसी को राहत मिल सके।

तरुन गुप्ता

वार्ड के तहत आने वाले चिडि़याघर के आसपास भी कचरे के ढेर लगे रहते हैं। जिसके कारण चिडि़याघर आने वाले लोग परेशान होते हैं। इसके साथ ही वार्ड में टॉयलेट की स्थिति भी खासी खराब है। जिम्मेदारों को ध्यान देना चाहिए कि वार्ड में नियमित रूप से सफाई हो, इसके साथ ही टॉयलेट की स्थिति में सुधार लाने के लिए भी कवायद की जाए। जिससे जनता को राहत मिल सके।

अविनाश यादव

पब्लिक डिमांड

1-सफाई कर्मियों की संख्या बढ़े

2-नियमित रूप से सफाई अभियान चले

3- टॉयलेट की स्थिति में सुधार

4-घरों से कचरा कलेक्ट किया जाए

5-तारों के मकड़जाल से मुक्ति

जवाब दो पार्षद जी--

प्रश्न: इलाके में शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है, जनता परेशान होती है?

उत्तर: यह बात सही है कि नरही बाजार में शौचालय की स्थिति खराब है। इस संबंध में कई बार निगम के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।

प्रश्न: आवारा जानवरों की समस्या भी गंभीर है?

उत्तर: आवारा जानवरों की समस्या को दूर करने के लिए भी कई बार निगम को अवगत कराया गया, अभियान चला भी लेकिन नियमित अभियान न चलने के कारण समस्या दूर नहीं हुई।

प्रश्न: सफाई कर्मियों की संख्या कम होने से व्यवस्था पर असर पड़ रहा है?

उत्तर: वार्ड में लगे ज्यादातर सफाई कर्मी रिटायर्ड हो गए और कई को हटा दिया गया, लेकिन उनके स्थान पर नए कर्मचारी नहीं लगाए गए। सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ जाए तो स्थिति अपने आप सुधर जाएगी।

प्रश्न: तारों का मकड़जाल है, हादसे होने का डर बना रहता है?

उत्तर: यह बात सही है कि बिजली तार व्यवस्थित नहीं हैं। इस संबंध में भी संबंधित महकमे को अवगत कराया जा चुका है।

दुर्गेश नंदिनी, वार्ड पार्षद

एजूकेशन-ग्रेजुएट