- ट्रैफिक जवानों और होमगार्डो को विभाग बांटेगा पानी की बोतलें और दवाएं

- ग्लूकोज और इलेक्ट्रॉल भी मुहैया कराया जाएगा ताकि बीमार न हों जवान

ट्रैफिक ड्यूटी में लगे सिपाहियों और होमगार्डो के लिए अच्छी खबर है। विभाग गर्मी में इनकी सेहत फिट रखने के इंतजामों की कवायद में है। जवानों को जल्द ही थर्मोप्लास्टिक वाली वाटर बॉटल जो (पानी को देर तक ठंडा रखे) और डीहाईड्रेशन से बचाने वाली दवाएं दी जाएंगी। एसपी ट्रैफिक ने यह पहल की है।

गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी

शहर के व्यस्त चौराहों पर आठ घंटे की ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस के जवान और होमगार्डो को से भी पूरी चुनौती मिलती है। कड़ी धूप, भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए उनके पास छांव भी नहीं होती। इसकी वजह से जवानों की तबीयत भी बिगड़ती है। ट्रैफिक का शोर और प्रदूषण के नुकसान तो अलग हैं ही। ट्रैफिक के जवान नरेंद्र बताते हैं कि ठंड और बरसात का मौसम फिर भी गुजर जाता है मगर गर्मी सबसे ज्यादा तकलीफ देती है। ऊपर से ट्रैफिक ड्यूटी में पूरे 8 घंटे का समय खड़े होकर ही गुजारना पड़ता है, ऐसे में शरीर पर ज्यादा एक्जर्शन पड़ता है।

बनेगा अस्थाई शेड

गर्मी में जवानों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए यातायात विभाग ने उन्हें हाइड्रेट रखने की व्यवस्था की है। ट्रैफिक के सभी जवानों और होमगार्ड्स के लिए पानी ठंडा रखने वाली वाटर बॉटल, इलेक्ट्रॉल, ग्लूकोज और डीहाइड्रेशन की दवाएं मंगाई जा रही हैं। इन्हें जल्द ही जवानों में बंटवाया जाएगा। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जल्द ही चौराहों पर जवानों के लिए अस्थाई शेड की व्यवस्था भी कराई जाएगी।

यह करते हैं ट्रैफिक की फील्ड ड्यूटी

2 सीओ

3 ट्रैफिक इंस्पेक्टर

7 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर

60 हेड कांस्टेबल

240 सिपाही

500 होमगा‌र्ड्स

100 ट्रैफिक ब्रिगेड के युवा

बयान

जवानों की बेहतरी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। गर्मी में उनके लिए थरमस और ग्लूकोज आदि की भी व्यवस्था हो रही है। वो फिट रहेंगे तभी शहर के ट्रैफिक की सेहत भी अच्छी रहेगी।

सुरेश चंद्र रावत, एसपी ट्रैफिक