MATHURA (23 Nov.) धार्मिक नगरी मथुरा और पर्यटन नगरी नैनीताल के मध्य अगले वर्ष ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इस मार्ग पर सीधी बस सेवा न होने के कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यातायात सुगम न होने के कारण पर्यटन भी प्रभावित हो रहा था। अगले वर्ष ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ ही पर्यटन को भी पंख लग सकेंगे।

 

लंबे समय से था इंतजार

मथुरा-काठगोदाम के मध्य मीटर लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तन करने का कार्य वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। करीब दो वर्ष बाद मथुरा-कासगंज के मध्य ट्रेन संचालन शुरू हो गया। लेकिन कासगंज-बरेली के मध्य ब्रॉडगेज का कार्य पूरा नहीं हो सका था। इसके चलते मथुरा-काठगोदाम के मध्य लंबे समय से ट्रेन संचालन शुरू होने का इंतजार यात्री कर रहे थे। अगस्त माह में कासगंज-बरेली के मध्य भी ट्रेन संचालन शुरू हो चुका है।

 

कुछ ट्रेन पहले से चल रही

बरेली से काठगोदाम तक ट्रेनों का संचालन पहले से हो रहा था। कासगंज-बरेली के मध्य ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद रामपुर से

आगरा फोर्ट के मध्य साप्ताहिक ट्रेन का संचालन भी किया जा रहा है। मथुरा से दोपहर 12 बजे के बाद शाम छह बजे कासगंज के लिए ट्रेन जाती है। छह घंटे ट्रेन के लिए यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है। यात्रियों को उम्मीद है कि दोपहर में भी इस मार्ग पर ट्रेन दौड़ सकती है।

 

अगले वर्ष बरेली तक ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाना है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। मथुरा से काठगोदाम तक ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।

-राजेंद्र कुमार, पीआरओ