- राजधानी में तैनात कई अधिकारी बदले गये

- निकाय चुनाव से पहले फेरबदल कर रही सरकार

LUCKNOW :

प्रदेश सरकार ने रविवार को फिर बड़े प्रशासनिक फेरबदल को अंजाम देते हुए 222 पीसीएस अधिकारियों को इधर से उधर कर लिया। राजधानी लखनऊ में भी तैनात ज्यादातर पीसीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। निकाय चुनाव से पहले राज्य सरकार पूरी सरकारी मशीनरी में फेरबदल कर रही है। पूर्ववर्ती सपा सरकार के चहेते अफसरों को हटाया जा रहा है, वहीं उनके स्थान पर दूसरे अफसरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। रविवार को हुए तबादलों में नगर निगम, विकास प्राधिकरण इत्यादि में तैनात अधिकारियों को भी बदल दिया गया है।

राजधानी में तैनात अफसर भी हटाए गये

तबादलों की जद में राजधानी में तैनात तमाम अफसर भी आए हैं। संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नीरज शुक्ला को कृषि विपणन एवं विदेश व्यापार विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। इसी तरह वाणिज्य कर में तैनात अपर आयुक्त रघुवीर को धमार्थ कार्य विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। लखनऊ मंडल अपर आयुक्त सुधा वर्मा को वाणिज्य कर में अपर आयुक्त के पद पर भेजा गया है।

निधि बनीं आगरा की एडीएम प्रशासन

वहीं राजधानी की एडीएम वित्त एवं राजस्व निधि श्रीवास्तव को आगरा में एडीएम प्रशासन बनाया गया है। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव शत्रुघन सिंह को राजधानी का एडीएम वित्त एवं राजस्व बनाया गया है। वहीं खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग में अपर निदेशक ज्ञानेश्वर त्रिपाठी को सूचना निदेशालय में अपर निदेशक के पद पर भेजा गया है। वाराणसी विकास प्राधिकरण में सचिव मंगला प्रसाद सिंह को परिवहन विभाग में अपर आयुक्त प्रशासन बनाया गया है। एडीएम ट्रांसगोमती अशोक कुमार को फिरोजाबाद का सीडीओ बनाया गया है। नोएडा में उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव को एडीएम ट्रांसगोमती बनाया गया है। सीतापुर में एडीएम वित्त एवं राजस्व राम केवल तिवारी को लखनऊ में एडीएम भू-अध्याप्ति बनाया गया है।

आरके सिंह भेजे गये आगरा

वहीं एडीएम भू-अध्याप्ति रवींद्र पाल सिंह को आगरा का अपर आयुक्त बनाया गया। जौनपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को राजधानी में एडीएम नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। मुरादाबाद में एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश राय को लखनऊ में एडीएम भू- अध्याप्ति बनाया गया है। कन्नौज में तैनात एडीएम एफआर संतोष कुमार वैश्य को राजधानी में एडीएम वेस्ट बनाया गया है।

राजेन्द्र कुमार भेजे गए आजमगढ़

लखनऊ के अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार को आजमगढ़ मंडल भेजा गया है। महिला कल्याण विभाग में विशेष सचिव रणविजय यादव को लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। एलडीए में संयुक्त सचिव धनंजय शुक्ला को नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। लखनऊ के सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार तृतीय को हाथरस में एडीएम न्यायिक बनाया गया है। हाथरस में एसडीएम केहरी सिंह को राजधानी में एडीएम न्यायिक बनाया गया है। मुरादाबाद में एसडीएम विनय कुमार सिंह प्रथम को राजधानी का सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं राजधानी में एसडीएम नीलम को आवास विकास परिषद में उप आवास आयुक्त बनाया गया। आजमगढ़ में तैनात अपर आयुक्त उमाकांत त्रिपाठी को लखनऊ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है।