>

LUCKNOW :

कुछ समय बाद छाया और आंचल नगर निगम के सामने स्थित पार्क में आने वाले लोगों को अपनी छांव से ठंडक का अहसास कराएंगे। दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट की प्लांटेशन मुहिम के तीसरे दिन थर्सडे को अपर नगर आयुक्त पीके श्रीवास्तव ने 'छाया' और पर्यावरण अभियंता नगर निगम पंकज भूषण ने 'आंचल' को नगर निगम भवन के सामने स्थित पार्क में लगाकर हरियाली की तरफ कदम आगे बढ़ाया। इतना ही नहीं, सभी अधिकारियों ने कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई कि वे लोग इन पौधों के रखरखाव संबंधी जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

छाया हमारे परिवार का सदस्य

दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट टीम की मौजूदगी में अपर नगर आयुक्त पीके श्रीवास्तव ने नगर निगम भवन के सामने स्थित पार्क (नगर निगम स्वामित्व) में पाकड़ का पौधा लगाते हुए उसे 'छाया' नाम दिया। पौधा लगाने के बाद पहले तो उन्होंने दैनिक जागरण-आईनेक्स्ट की प्लांटेशन मुहिम की सराहना की, फिर बोले कि सभी को पौधरोपण करना चाहिए। अगर हम बेहतर कल की कल्पना करते हैं तो आज से ही पौधरोपण करना होगा। इसके साथ ही दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद छाया पार्क में आने वाले लोगों को अपनी छांव से तरोताजा करेगा। निश्चित रूप से वह क्षण हम सभी के लिए बेहद यादगार रहेगा।

आंचल का रखेंगे खयाल

नगर निगम के पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने भी दैनिक जागरण आईनेक्स्ट टीम के साथ उक्त पार्क में ही प्लांटेशन किया। उन्होंने भी पाकड़ का पौधा लगाया और उसे 'आंचल' नाम दिया। उन्होंने कहा कि अब आंचल नगर निगम परिवार का हिस्सा है। जिस तरह से वह अपने बच्चों का ख्याल रखते हैं, ठीक इसी तरह वह इस पौधे का भी ख्याल रखेंगे। समय-समय पर वह खुद आकर देखेंगे कि आंचल के रखरखाव की क्या स्थिति है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश भी दिए कि रोजाना दोनों पौधों में पानी डालें और देखरेख करें। किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाए।