- गोरखपुराइट्स को भी भाने लगा ई कार्ड का ट्रेंड

- व्हाट्सएप पर बांट रहे शादी निमंत्रण की साफ्ट कॉपी, यूथ कर रहे लाइक

GORAKHPUR: डिजिटल इंडिया में तेजी से हर चीज डिजिटल हो रही है। सरकारी विभाग, राशन कार्ड, लाइसेंस, शॉपिंग और यहां तक की पुलिस भी। ऐसे में शादियों का कल्चर इससे अछूता कैसे रह सकता था। हल्दी की गांठ देकर शादी में निमंत्रण पत्तों, कपड़ों, कागज और प्रिंटिंग कार्ड से होता हुआ वीडियो तक आ पहुंचा है। अब लोग दूर-दराज जाकर मेहमानों को शादी का निमंत्रण कार्ड देने के बजाए ई कार्ड के रूप में शादी की डिटेल बना उसे सोशल मीडिया के जरिए भेज दे रहे हैं। इससे आने-जाने का समय तो बच ही रहा है, साथ में पैसों की भी काफी बचत हो रही है। हजारों रुपए का कार्ड छपवा कर बारी-बारी लोगों को बांटने की जगह फ्री एप या ग्राफिक डिजाइनर से बेहद कम कीमत पर वीडियो बनवा सभी को व्हाट्सएप पर भेज देना सुविधा जनक भी है और सस्ता भी। यही कारण है कि ई कार्ड का चलन शहर में भी तेजी से फैल रहा है।

आप भी बना सकते हैं ई कार्ड

ई कार्ड बनाना बहुत ही आसान है। प्ले स्टोर पर आपको कई सारे एप मिल जाएंगे जिनके जरिए आप आसानी से फ्री में ई कार्ड बना सकते हैं। इनमें कई सारे फोटोज को जोड़कर एक वीडियो बनाया जा सकता है जिसके बैक ग्राउंड में मनचाहा म्यूजिक या सॉन्ग भी प्ले किया जा सकता है। प्ले स्टोर में मौजूद म्यूजिक वीडियो मेकर, वीडियो शो एडिटर, लव वीडियो मेकर, फोटो वीडियो मेकर, वीडियो मेकर, वीडियो मेकर विथ म्यूजिक आदि एप के जरिए बेहद आसानी से ई कार्ड बनाया जा सकता है।

अच्छी क्वालिटी के लिए थोड़ा सा खर्च

मार्केट में सस्ते से सस्ता कार्ड भी दस रुपए के आसपास में ही मिलता है। 200 मेहमानों को निमंत्रित करने के लिए दो हजार के आसपास खर्च हो जाते हैं। लेकिन ई कार्ड में आपके रुपए बिल्कुल भी बर्बाद नहीं होते। एप के जरिए जहां फ्री में ई कार्ड बनाया जा सकता है। वहीं, अगर आप और अच्छी क्वालिटी का वीडियो ई कार्ड बनवाना चाहते हैं तो इसके लिए बेहद कम खर्चे में ग्राफिक डिजाइनर की मदद ली जा सकती है। ग्राफिक डाजाइनर से भी ई कार्ड बनवाने में भी 2 से 5 सौ रुपए का ही खर्च होता है।

सोशल मीडिया पर ई कार्ड की धूम

सोशल मीडिया पर ई कार्ड का ट्रेंड काफी जोर पकड़ रहा है। शादियों के अलावा लोग अपने परिचितों के जन्मदिन पर भी ई कार्ड के जरिए विश कर रहे हैं और निमंत्रण भी दे रहे हैं। इसके अलावा कालेजों में फेयरवेल, फ्रेसर्श पार्टियों में भी ई कार्ड का काफी यूज किया जा रहा है। अपनी शादी में ई कार्ड बनवाने वाले एक शख्स ने बताया कि प्रिंटिंग कार्ड पर हमने जो खर्चा किया उसका दसवां हिस्सा भी ई कार्ड में नहीं हुआ लेकिन लोगों ने इसे खूब इंजॉय किया।

ई कार्ड में शादी की पूरी डिटेल

ई कार्ड में दुल्हा-दुल्हन के फोटो के अलावा दोनों की पूरी फैमली के डिटेल भी दे दिए जा रहे हैं। ई कार्ड एक बार डाउनलोड होने के बाद से ही फोन की मेमोरी में सेव हो जा रहा है जिसे जब चाहे देखा जा सकता है।