- लच्छू जी महाराज की जयंती पर शहर में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

LUCKNOW: कथक सम्राट लच्छू जी महाराज की जयंती के अवसर पर राजधानी के अलग-अलग जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कलाकारों ने कथक के माध्यम से लच्छू जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की घोषणा

सुबह नौ बजे गोलागंज स्थित महाराज जी की प्रतिमा के सामने कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर दिनेश शर्मा ने शिरकत की। इस अवसर पर लच्छू जी महाराज की शिष्या कुमकुम आदर्श ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर डॉ। दिनेश शर्मा ने भी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और नगर निगम की ओर से प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण की घोषणा की।

दर्शकों की तालियों से गूंजा हॉल

वहीं, संगीत नाटक अकादमी में शाम को कलाकारों ने कथक के जरिये लच्छू जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आरंभ गुरु वंदना से किया गया। इसके बाद दशावतार कार्यक्रम हुआ, जिसमें विष्णु के दस अवतारों का वर्णन किया गया। कार्यक्रम के अगले भाग में शुद्ध शास्त्रीय नृत्य में परमेलु, परन, द्रुत लय की बंदिशों की युगलबंदी प्रस्तुत की गई। हर थाप पर दर्शकों की तालियां नृत्यांगनाओं की हौसलाअफजाई के लिए खुद बखुद बजती रही और लोग कथक के जरिए लच्छू जी महाराज को याद करते रहे।