- नाला निर्माण न होने से गंदे पानी के बहाव की व्यवस्था नहीं

- पालिका प्रशासन की अनदेखी से लोगों में आक्रोश व्याप्त

FATEHPUR : उपेक्षा का शिकार शहर का दक्षिणी इलाका अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। एक ओर तो शहर के गैर आबाद क्षेत्रों में नालियां और सीसी रोड का निर्माण हो रहा है वहीं बांदा सागर मुख्य मार्ग के आसपास के इलाके को नाले जैसी सुविधाओं से अभी तक नहीं जोड़ा जा सका है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते मुख्य मार्ग में गंदे पानी के निस्तारण का कोई विकल्प तक नहीं खोजा गया है। मुहल्ले के लोगों में पालिका प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

उपेक्षित है शहर का ये हिस्सा

तीन लाख की आबादी में 33 फीसदी आबादी हावड़ा दिल्ली रेलमार्ग से विभाजित शहर के दक्षिणी दिशा में रहती है। जिसमें देवीगंज, अशोक नगर, राधानगर, इसाइनपुरवा, नई बस्ती राधानगर, बक्सपुर आदि मोहल्ले आते हैं। विकास की बात करें तो शहर का यह हिस्सा उपेक्षित बना हुआ है। रेलवे उपरगामी सेतु के निर्माण के बाद जलनिकासी के लिए बनाया गया नाला अशोक नगर के पास अतिक्रमण के चलते रोक दिया गया। संवेदनहीनता की हद तब हो गई जब तीन साल से जनता के चिल्लाने के बाद भी नाला नहीं बनाया गया। जाम नाला से पानी की निकासी न होने से गलियों में गंदा पानी भर रहा है। ओवर फ्लो होने पर यह सड़क पर फैलने लगता है।

- दक्षिणी दिशा में बसी आबादी के साथ अन्याय हो रहा है। अन्य जगहों में नालों के निर्माण में करोड़ों रुपए इसी साल व्यय किए गए, लेकिन पालिका के जिम्मेदारों ने मुख्य मार्ग में नाला बनवाने की सुधि नहीं ली।

- वीरेंद्र गुप्ता

- नाले का बहाव बंद होने से संक्रामक बीमारियों के चपेट में आए दिन जनता आ जाती है। पानी भरा रहने से मच्छरों का आतंक रहता है। आधा नाला बनवाया जाना परेशानियों का सबब बना हुआ है।

-पुत्तन बाजपेयी

- विकास की मुख्य धारा में इस इलाके को नहीं जोड़ा जा रहा है। जिससे लोग मूलभूत सुविधाओं से लोग वंचित हैं। आए दिन समस्या खड़ी रहती हैं पालिका प्रशासन के पास शिकायत की जाती है तो उसे रद्दी की टोकरी में डाल दिया जाता है। -राजेश यादव

- साफ, सफाई, फॉ¨गग, पक्का निर्माण जैसे सुविधाओं से पालिका ने इस इलाके को दूर कर रखा है। उनकी समझ में नहीं आता है कि पालिका प्रशासन किस तरह से योजनाओं का खाका बनाता है।

-अनीस अहमद

'शहर के दक्षिणी इलाके में विकास कराया जा रहा है। ओवरब्रिज के पास नाला नहीं बन पाया है। जिसकी कार्ययोजना बनाई जा रही है। 14 वें वित्त से धन का आवंटन हुआ है। जल्द ही कार्ययोजना बनाकर चेयरमैन के पास संस्तुति के लिए भेजी जाएगी। जिसके बाद डीएम का अनुमोदन लिया जाएगा। नाला निर्माण कराया जाएगा।

- राजेंद्र वर्मा, अवर अभियंता नगर पालिका