बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

सवा बीघा की जमीन को लेकर चला आ रहा था विवाद

ALLAHABAD: चकिया कसारी मसारी में देर शाम साढ़े सात बजे एक युवक को गोली मार दी गई। गोलीकांड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और परिवार के लोगों ने घायल युवक को काल्विन हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने एसआरएन के लिए रेफर कर दिया।

दोस्तों से मिलने गया था

धूमनगंज थाना क्षेत्र के भीठी मोहल्ले के अंसार अहमद के चार बेटों में चालीस वर्षीय आजम सबसे छोटा है। कई साल से वह गैस टैंकर चलाकर परिवार का पेट पाल रहा है। सोमवार को आजम करीब सात बजे घर पहुंचा और थोड़ी देर बाद दोस्तों से मिलने चला गया। कसारी मसारी चौराहे के निकट वह दोस्तों के साथ खड़ा था। तभी एक बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली आजम की पीठ में धंस गई और वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। बाइक सवार उसे मरा समझ फरार हो गए। अचानक गोली चलने चौराहे पर खड़े लोग भागने लगे। दुकानदारों ने भी दुकाने बंद कर घर की राह ली। हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी परिवार वालों और पुलिस को दी। रोते बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि आजम की सांस चल रही है। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आजम को तत्काल हॉस्पिटल ले जाया गया।

सवा बीघे जमीन का विवाद

आजम की बहन रोजा ने पुलिस को बताया कि भीठी के ही गुलफाम व जैनउद्दीन से गांव में स्थित सवा बीघे की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि इसी जमीन को लेकर दोनों ने भाई को गोली मारी है। रोजा ने बताया की गांव की जमीन पर आजम का कब्जा है। जमीन पर निर्माण कार्य कराया गया है। अब आरोपी अपना हक जता रहे हैं। पहले भी उन्होंने विवाद और मारपीट की थी। उन्हीं के डर से आजम गांव छोड़कर कसारी मसारी में रह रहा था।

जमीन विवाद में गोली मारने की सूचना है। दो लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया गया है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अलोक मिश्रा, सीओ, सिविल लाइंस