LUCKNOW

जैसे-जैसे निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने का दिन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे वार्डो में चुनावी समीकरणों को लेकर मंथन तेज हो गया है। वार्डो के सीट आरक्षण के हिसाब से चुनावी तैयारियां की जा रही हैं। इसी आधार पर चुनावी मैदान में उतारने के लिए कोई अपनी पत्नी को मना रहा है तो कोई रिश्तेदारों की तलाश कर रहा है। जबकि कई तो अपने करीबियों को चुनावी मैदान में देखने के लिए उत्सुक हैं।

 

तलाशे जा रहे विकल्प

जानकारों की माने तो जिन वार्डो की सीट महिला घोषित हुई है, वहां अजब गजब तस्वीर देखने को मिल रही है। चुनावी मैदान के दिग्गज माने जाने वाले लोग इस निकाय चुनाव में अपनी पत्नियों को उतारने का मन बना चुके हैं। हालांकि कई महिलाएं चुनावी मैदान में आने के लिए तैयार नहीं हो रही हैं। इसकी वजह से दिग्गज इनके विकल्प भी तलाशने में जुट गए हैं। कई लोग तो रिश्तेदारों के घर जाकर उन्हें चुनावी मैदान में आने के लिए मनाने में जुटे हुए हैं। इस कदम को उठाने की वजह यही है कि अगर रिश्तेदार की जीत होती है तो उनकी ही जीत मानी जाएगी। अगर कोई नया प्रत्याशी जीत दर्ज करता है तो दिग्गजों के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

 

हर एक पर नजर

चुनावी मैदान पर कब्जा करने के लिए संभावित प्रत्याशी वार्ड की नब्ज टटोलने में लगे हुए हैं। इसके लिए संभावित प्रत्याशी अपने नेटवर्क को मजबूत करने में लगे हुए हैं। कई प्रत्याशी अपने सूत्रों के माध्यम से जनता की डिमांड और रूझान को जानने में लगे हुए हैं। प्रयास यही है कि जनता का रूझान सामने आने के बाद वे लोग उसी आधार पर अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर सकें।

 

अधिसूचना का इंतजार

हर वार्ड के संभावित प्रत्याशी अधिसूचना जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारों की माने तो अधिसूचना जारी होने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी सामने आएगा। इसके साथ ही वोट बैंक मजबूत करने की दिशा में भी कदम आगे बढ़ाए जाएंगे।

 

बुधवार को अधिसूचना!

यह भी जानकारी सामने आई है कि बुधवार को अधिसूचना जारी हो सकती है। यह जानकारी संभावित प्रत्याशियों तक भी पहुंच चुकी है। संभावित प्रत्याशियों का कहना है कि अधिसूचना जारी होने के बाद वे लोग नए सिरे से वोट बैंक मजबूत करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाएंगे।