- विभागों के बंटवारे के साथ ही अपने कामों में जुटे मंत्रीगण

- मंत्रियों ने गिनाईं अपनी-अपनी प्राथमिकताएं

- गुरुवार को मिले थे मंत्रियों को पोर्टफोलियो

DEHRADUN: पोर्टफोलियो मिलते ही टीम टीएसआर एक्शन में आ गई है। शुक्रवार को सदन की कार्यवाही पूरी होते ही मंत्रियों ने अपने ऑफिस का रुख किया और काम पर जुट गए। सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने पूर्ववती सरकार के फैसलों को बदलते हुए सहकारिता विभागों में नामित किए गए सदस्यों को तत्काल प्रभाव से हटाने का फरमान जारी किया तो समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने छात्रवृति घोटालों की जांच के निर्देश अफसरों को दिए हैं। इधर, राज्य मंत्री रेखा आर्य ने नारी निकेतन का औचक निरीक्षण कर अफसरों को लापरवाही न बरतने के कड़े निर्देश दिए।

स्मार्ट सिटीज की लिस्ट में होगा नाम

शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य के शहरों की सूरत बदलने के लिए स्थानीय निकायों को मजबूत किया जाएगा। ढांचागत सुविधाओं के मोर्चे पर कमजोर स्थानीय निकायों को मजबूत करना प्राथमिकता रहेगी। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि स्मार्ट सिटी को लेकर गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे ताकि इस बार देहरादून इस सूची में स्थान पक्का कर सके।

कंडी मार्ग को बनाएंगे हाईवे

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ। हरक सिंह रावत ने अपनी प्राथमिकता गिनाते हुए बताया कि सरकार अब पौड़ी जनपद के कंडी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर कंडी मार्ग (गैंडीखाता-लालढांग-चिल्लरखाल-कलालघाटी-कोटद्वार-पाखरौ-कालागढ़-रामनगर) को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध किया है।

पनडुब्बी से दिखाऐंगे टिहरी झील

पर्यटन मंत्रालय का पदभार मिलते ही सतपाल महाराज ने राज्य में पर्यटन विकास को लेकर कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। महाराज ने बताया कि टिहरी जलविद्युत परियोजना के लिए तैयार झील के नीचे स्थित इस शहर के इतिहास और मौजूदा स्थिति से लोगों को रूबरू कराने का रोमांचक सफर शुरू करने की योजना लाई जाएगी। जिसके लिए लंदन की एक कंपनी की तर्ज पर शुरू किया जाएगा। टाइटेनिक को दिखाने की तर्ज पर पनडुब्बी के जरिये पर्यटकों को पुराने टिहरी शहर का भ्रमण झील के नीचे कराया जाएगा।

छात्रवृत्ति घोटालों की होगी जांच

परिवहन और समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि बीते दो सत्रों में हुए छात्रवृत्ति घोटालों की जांच कराने के बाद दोषियों को दंडित किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि सत्र ख्0क्ब्-क्भ् व क्भ्-क्म् में आधे से भी कम छात्रों को छात्रवृत्ति आवंटित की गई, जबकि विभाग के पास पर्याप्त राशि थी। इसके साथ ही अपात्र छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के मामले भी उठे। परिवहन निगम और विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर आर्य ने कहा कि विभाग में तमाम स्तर पर भ्रष्टाचार सामने आता रहा है। इसे समाप्त किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों के तबादलों की जरूरत पड़ी तो वह भी किए जाएंगे।

तत्काल हटाए जाएं नामित सदस्य

सहकारिता मंत्री डॉ। धन सिंह रावत ने सबसे पहले पूर्ववर्ती सरकार के फैसलों को बदलते हुए राज्य में सहकारी समितियों में नामित सरकारी सदस्यों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला सहकारी बैंक उत्तरकाशी में चतुर्थ श्रेणी व अन्य भर्तियों को निरस्त कर दिया गया है। इसके अलावा सोयाबीन फैक्ट्री हल्दुचौड़ व सहकारी ड्रग फैक्ट्री रानीखेत में खातों व अन्य पहलुओं की जांच करने के निर्देश भी दिए हैं।

--------

नारी निकेतन का किया निरीक्षण

सदन की कार्यवाही निपटने के बाद महिला कल्याण मंत्री रेखा आर्य ने केदारपुरम स्थित नारी निकेतन का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारी उनके साथ रहे। उन्होंने इस दौरान नारी निकेतन की व्यवस्था में सुधार के लिए अफसरों को निर्देशित किया। मंत्री ने साफ किया कि विभागीय अधिकारी काम को लेकर संजीदा हों।