- महिला दिवस पर डीजीपी ओपी सिंह महिलाओं की समस्याओं से अवगत होकर करेंगे समाधान

- प्रदेश भर की महिलाएं खुद डीजीपी से कर सकती हैं ई-संवाद

टाइम : शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच

LUCKNOW (6 March):

प्रदेश में किसी भी महिला को पुलिस से संबंधित कोई समस्या है तो उसे अब डीजीपी से गुहार लगाने के लिये उनके दफ्तर आने की जरूरत नहीं। आगामी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर डीजीपी ओपी सिंह अपने ट्विटर हैंडल पर महिलाओं से ई-संवाद करेंगे। इस दौरान वे महिलाओं की समस्याओं से अवगत होने के साथ ही उनका तुरंत समाधान भी करेंगे। इसके अलावा यूपी पुलिस की ओर से महिला दिवस पर तीन दिवसीय विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। जिसमें छात्राओं को संबोधित करने के साथ ही पुलिस विभाग में तैनात महिला दारोगा व कॉन्सटेबल से भी रूबरू होने का कार्यक्रम है।

एक घंटे का होगा ई-संवाद

महिलाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता व जागरूक्ता प्रदर्शित करने के लिये यूपी पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को चुना है। इसके तहत महिला दिवस के दिन यानि 8 मार्च को डीजीपी ओपी सिंह शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच एक घंटा ट्विटर के जरिए प्रदेश की महिलाओं से रूबरू होंगे। इसके तहत ई-संवाद में शामिल होने के लिये प्रदेश की कोई भी सामान्य महिला #askdgpup का प्रयोग करते हुए डीजीपी के ट्विटर हैंडल @dgpup पर अपनी समस्या भेजनी होगी। एक घंटे के इस लाइव ई-संवाद के दौरान डीजीपी सिंह इन समस्याओं को खुद देखेंगे और उनका निराकरण करने के लिये संबंधित मातहतों को निर्देशित करेंगे।

होंगे विविध आयोजन

इससे पूर्व तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत आगामी सात मार्च को राजधानी में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर्स व कॉन्सटेबलों को लखनऊ पुलिस लाइंस में शाम तीन बजे डीजीपी ओपी सिंह संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम वूमेन पावर लाइन की एडीजी अंजू गुप्ता की देखरेख में संपन्न होगा। इसके अलावा आठ मार्च को यूपी 100 ऑडीटोरियम में डीजीपी सिंह राजधानी के कॉलेजों की छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्यो को संबोधित करेंगे। इसमें महिला संबंधी समस्याओं को लेकर चर्चा की जाएगी।

बॉक्स

'हिट' रहा था पिछला ई-संवाद

यह पहला मौका नहीं जब प्रदेश के डीजीपी ट्विटर के जरिए आम लोगों से ई-संवाद करेंगे। इससे पूर्व बीती 30 नवंबर को तत्कालीन डीजीपी सुलखान सिंह ई-संवाद के जरिए लोगों से मुखातिब हुए थे। यूपी पुलिस की इस नई पहल को लोगों ने हाथोहाथ लिया था और कुल 1.73 करोड़ इंप्रेशंस के साथ यह ई-संवाद हिट रहा था। इस दौरान डीजीपी ने 88 लोगों के सवालों के जवाब दिये। लोगों की कई शिकायतों पर उन्होंने उन जिलों की पुलिस को कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया था। बेहतर रिस्पॉन्स को देखते हुए तय किये गए एक घंटे के इस सेशन को 15 मिनट बढ़ाना पड़ा था।