छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : बहरागोड़ा के पाटपुर पंचायत में बुधवार को मुखिया दीनबंधु खटुवा और पंचायत सेवक सोनाराम मुर्मू को 12 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कोल्हान के डीएसपी अमर पांडेय के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। 2017 में ब्यूरो की यह राज्य में 21 वीं और कोल्हान प्रमंडल में 5वीं गिरफ्तारी है।

यह है पूरा मामला

बहरागोड़ा पंचायत के मोहनपुर गांव में 150 फीट नाली निर्माण के लिए करीब एक लाख 30 हजार रुपये की मंजूरी दी गई थी। इसका टेंडर विष्णु भगत साव को मिला था। उसने निर्माण कार्य को पूरा कर दिया। पहले किश्त के रूप में एक लाख रुपए का भुगतान उसे किया गया। शेष 30 हजार रुपए का भुगतान रोक दिया गया था। काम के बदले मुखिया दीनबंधु खटुवा और पंचायत सेवक सोनाराम मुर्मू योजना राशि का 10 फीसद कमीशन मांग रहे थे। विष्णु भगत साव ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज कराई। सत्यापनकर्ता ने सत्यापन प्रतिवेदन में रिश्वत की मांग को सही पाया। डीएसपी अमर पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को जाल बिछाया गया। इस जाल में मुखिया और पंचायत सेवक फंस गए। 10 फीसद कमीशन के एवज में 12 हजार रुपये देने की बात विष्णु भगत साव से दीनबंधु खटुवा और पंचायत सेवक सोनाराम मुर्मू ने तय की। तय हुआ कि वे पंचायत भवन में बुधवार को बैठेंगे जहां आकर पैसे दे जाएं। काम को मंजूरी दे दी जाएगी। तय समय पर विष्णु भगत साव पहुंचे और जैसे ही मुखिया व पंचायत सेवक को घूस की राशि थमाई, वैसे ही एसीबी की टीम ने दोनों को दबोच लिया। कोल्हान में मुखिया और पंचायत सेवक सोनाराम मुर्मू की पहली गिरफ्तारी है।