- चौरीचौरा के बदुरहिया चौराहे की घटना, पुलिस भर्ती के लिए कर रहे थे तैयारी, भोर में हुआ हादसा

- आक्रोशित लोगों ने देवरिया मार्ग पर शव रखकर किया चक्का जाम

- मौके पर पहुंचे एसडीएम और चौरीचौरा सीओ से की मुआवजे की मांग

GORAKHPUR: रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, ट्यूज्डे को दो और जिंदगियां रफ्तार की भेंट चढ़ गई। चौरीचौरा एरिया के बदुरहिया चौराहा के पास ट्यूज्डे की भोर में तेज रफ्तार मैजिक ने सात युवकों को रौंद दिया। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल एडमिट कराया। डॉक्टरों ने दो की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मौत की सूचना पर उनके घरों में कोहराम मच गया। शाम को शव को बदुरहिया चौराहे पर रखकर मुकामी लोगों ने जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीए और सीओ चौरीचौरा पहुंच गए। पब्लिक और फैमिली मेंबर्स मुआवजे की मांग कर रहे थे। काफी समझाने के बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस भर्ती की कर रहे थे तैयारी

चौरीचौरा के चौरी बदुरहिया व सतहवा निवासी सात लड़के पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे थे। रोज की तरह वह भोर में करीब 4.30 बजे दौड़ने के लिए एक साथ निकले। इस बीच देवरिया की ओर से आ रही सफेद रंग की तेज रफ्तार मैजिक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में चौरी बदुरहिया निवासी बाइस वर्षीय अभय राय उर्फ पंकज पाल, पश्चिम सतहवा टोला निवासी उन्नीस वर्षीय महावीर की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं चौरी बदुरहिया के निवासी बाइस वर्षीय राममिलन, विकास, उन्नीस वर्षीय गौरव उर्फ गोलू, अठ्ठारह वर्षीय पवन, उन्नीस वर्षीय विजेंद्र गाड़ी की चपेट में आ कर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में एडमिट कराया। जहां डॉक्टरों ने गौरव और पवन की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।

शव रखकर गोरखपुर-देवरिया मार्ग किया जाम

पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही शव गांव में पहुंचा, तो वहां लोग आक्रोशित हो गए। गांव वालों ने गोरखपुर-देवरिया राजमार्ग के बदुरहिया चौराहे और सतहवा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण रोड पर डिवाइडर, दुर्घटना बोर्ड, खेल ग्राउंड और मुआवजे की मांग कर रहे थे। जैसे की इसकी जानकारी हुई मौके पर एसडीएम पंकज वर्मा, चौरीचौरा सीओ राजेश भारती और एसओ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पब्लिक को आश्वासन दिया कि जल्द ही डिवाइड और दुर्घटना बोर्ड लगा दिए जाएंगे। साथ ही खेल ग्राउंड के लिए शासन से बात की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक के परिजनों को मुआवजा भी दिया जाएगा। तीन घंटे के जाम पर रोड के दोनों छोर पर गाडि़यों को रेला लग गया। पुलिस को जाम हटवाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चेकिंग से बचने के लिए बढ़ाई रफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्यूज्डे मार्निग लगभग 4.30 बजे मंडी समिति की ओर से वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान देवरिया की ओर से आ रही मैजिक को हाथ देकर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन हाथ देखकर चालक ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी। रफ्तार बढ़ने से मैजिक ड्राइवर गाड़ी को संभाल न सका और भागने के चक्कर में उसने रोड के किनारे दौड़ लगा रहे युवकों को रौंदते हुए निकल गया।

एक्सिडेंट की सूचना मिली थी, जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसमें दो की हालत सीरियस होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जबकि दो की मौके पर ही मौत हो गई थी।

राजेश भारती, सीओ चौरीचौरा

पब्लिक की डिमांड को देखते हुए खेल का मैदान बनाने और मुआवजे के लिए शासन से बात की जाएगी। वहीं ब्रेकर और दुर्घटना बोर्ड लगाने के लिए पीडब्लूडी से बात हुई है। जल्द ही ब्रेकर और बोर्ड लग जाएंगे।

- पकंज वर्मा, एसडीएम, चौरीचौरा