-चौबेपुर में आठ बीघा जमीन पर दो पक्ष कर रहे अपना दावा

-एक पक्ष के कब्जा करने पहुंचने पर जमकर हुई मारपीट, आठ लोग हुए घायल

VARANASI : आठ बीघा जमीन के लिए अपने ही एक-दूसरे की जान से दुश्मन बन बैठे हैं। रविवार को चौबेपुर थाना एरिया के खुटहना गांव में भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे, ईट-पत्थर चले। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देते हुए फायरिंग और छेड़खानी का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस ने फायरिंग व छेड़खानी से इनकार किया है।

तीन बाइक्स को किया क्षतिग्रस्त

सादात का रहने वाला संजय यादव दोपहर में अपने साथियों के साथ खुटहन गांव पहुंचा। आठ बिस्वा जमीन को अपनी बताते हुए उस पर कब्जा करने की तैयारी करने लगा। इसकी जानकारी भगवान उर्फ सूबेदार को हुई तो दर्जन भर से अधिक लोगों के साथ पहुंचकर विरोध करने लगा। जिसके बाद दोनों पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। देखते-देखते मारपीट शुरू हो गयी। एक-दूसरे के जान के दुश्मन बन गए। जमकर लाठी-डंडे चले, मारपीट के दौरान ईट-पत्थर भी चलाए। संजय के साथ आए लोगों को तीन बाइक्स को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। आधा घंटे से अधिक समय तक दहशत का माहौल रहा। पुलिस के पहुंचने पर मारपीट करने वाले शांत हुए। दोनों ओर से संजय यादव, बिंदू, गीता, रवीन्द्र कुमार, भगवान दास, अरुण कुमार, गुडि़या देवी समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने इन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर

विवाद की जड़ बनवारी यादव की आठ बीघा जमीन है। बनवारी की फ्भ् साल पहले मौत हो चुकी है। उनके कोई बेटा नहीं था। चार बेटियों की शादी हो चुकी है। बनवारी की एक बेटी का पति संजय यादव का कहना है कि आठ बीघा जमीन उसकी पत्नी के नाम है। जबकि बनवारी का भतीजा भगवान दास इस जमीन पर अपना हक जताता है। संजय इससे पहले भी इस जमीन पर कब्जे का कई बार प्रयास कर चुका है। लेकिन उसे हर बार असफलता मिली। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।