-केशवपुरम निवासी थी छात्रा, रूम में फांसी पर लटका मिला शव

-बिरहाना रोड में डिस्ट्रीब्यूटर का शव बंद घर में फंदे में लटका मिला

KANPUR : शहर में मंगलवार को बीए की छात्रा और कारोबारी ने जिंदगी से हारकर मौत को गले लगा लिया। दोनों ने फांसी लगाकर जान दी। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की, लेकिन उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है।

कल्याणपुर के केशवपुरम में रहने वाले दुर्गा प्रसाद दादानगर में बिस्कुट फैक्ट्री में काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी सीता, बेटा पवन और बेटी अकांक्षा उर्फ तनु(21) थी। तनु बीए की छात्रा थी। मंगलवार की सुबह दुर्गा और पवन काम पर चले गए थे, जबकि सीता पूजा कर रही थीं। तनु कमरे में अकेले थी। वो पूजा करने के बाद तनु को बुलाने के लिए रूम पर गई तो वहां पर तनु का शव फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया, लेकिन उसकी मौत की वजह का खुलासा नहीं हुआ। परिजनों ने कुछ भी बताने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है।

पूजा करने के बाद कारोबारी ने फांसी लगाई

बिरहाना रोड में रहने वाले मनोज (40) कमला पसन्द पान मसाला के डिस्ट्रीब्यूटर थे। उनकी नयागंज में दुकान है। उनके परिवार में पत्नी रति और बेटी अराध्या है। कुछ दिनों पहले रति बेटी के साथ बनारस स्थित मायके गई थी। घर पर मनोज अकेले थे। इलाकाई लोगों के मुताबिक मनोज रोज की तरह सुबह पूजा करने के बाद घर के बाहर टहलते दिखाई दिए थे। इसके बाद वो आराम करने वापस घर चले गए थे। दोपहर में पड़ोसी उनके घर के बाहर से निकले तो मनोज का पालतू कुत्ता भौंकने लगा। उन्होंने कुत्ते को चुप कराने के लिए मनोज को आवाज दी, लेकिन मनोज की ओर से कोई रिस्पांस नहीं आया। जिस पर उन्होंने खिड़की से अन्दर देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि मनोज का शव फंदे पर लटका है। पुलिस मौके पर पहुंची तो मनोज के घर का गेट अन्दर से बंद था। पुलिस ने गेट तोड़कर अन्दर घुसने की कोशिश की तो मनोज का जर्मन शैफर्ड कुत्ता भौंकने लगा। पुलिस को उसे काबू करने के लिए वन विभाग की टीम को बुलाना पड़ा। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम भेजा जा सका।