-तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, हॉस्पिटल ले जाते वक्त हुई मौत

UNNAO:

शनिवार को फतेहपुर चौरासी और हसनगंज थानाक्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।

रिलेटिव के साथ जा रहा था

थाना औरास के गांव नेवरा उदई निवासी 65 वर्षीय सुखबीर परिवार के ही राजेश 23 वर्ष के साथ भूमि संबंधी काम के लिए हसनगंज तहसील गए थे। जहां से दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय सुखबीर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि राजेश का उपचार चल रहा है। उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शॉपिंग करके लौट रही थीं

दूसरी दुर्घटना फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को देर शाम हुई। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गांव खानपुर कुरौली निवासी रजपाल की पत्नी रामश्री 45 वर्ष अपनी विवाहित बेटी शबनम के साथ चूड़ी पहनने के लिए पास के बरुआघाट बाजार गई थीं। जहां से शाम को दोनों वापस लौट रही थीं। बाजार और गांव के बीच मुख्यमार्ग पर आते ही बाइक ने रामश्री को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ जा रही बेटी बाल-बाल बच गई। उसकी सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग उसे सीएचसी ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे हैलट कानपुर रेफर किया। परिजन उसे कानपुर ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।