-आंत्रोप्रेन्योर को डिटेन करने वाले 2 पुलिस अधिकारी सस्पेंड

PATNA : फोर्थ बिहार आंत्रोप्रेन्योर समिट के दौरान सीएम नीतीश कुमार से सवाल पूछने वाले दो लोगों को पुलिस ने पकड़ा था। बेगूसराय के रहने वाले नेमी कुमार और सुरेश कुमार शर्मा को गांधी मैदान थाने में रखा गया था। मामला बुधवार का है। इन दोनों को करीब 8 घंटे तक थाना के एक कमरे मे बंद कर रखा गया था। इस दौरान पटना पुलिस पर एक गंभीर आरोप भी लगा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऑन डयूटी अधिकारी दिलीप चौहान और शंभू शरण पासवान को सस्पेंड कर दिया है। उन पर कमरे में बंद करने के साथ मोबाइल छीनने और बाथरूम तक नहीं जाने देने का आरोप लगाया था। पुलिस पर लगे आरोप की जानकारी गुरुवार को एसएसपी मनु महाराज को भी लगी। जिसके बाद पूरे मामले की जांच की जिम्मेवारी एएसपी योगेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर ये कार्रवाई की गई।