- अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाएं

- तिवारीपुर एरिया में अबुझ हाल में झुलसने से हुई मौत

-नौसढ़ में झुलसी महिला के पिता ने दहेज के लिए बेटी को जलाकर मारने का लगाया आरोप

GORAKHPUR: दो अलग-अलग जगहों पर झुलसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला के पिता ने दहेज के लिए बेटी को जलाकर मारने का आरोप लगाया। दूसरी घटना तिवारीपुर एरिया के पिपरा मोहल्ले में हुई, जहां ट्यूज्डे को एक महिला संदिग्ध हाल में झुलस गई। दोनों मामलों की पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

बबिता के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

बेलीपार एरिया के नौसढ़ निवासी रमेश की पत्‍‌नी बबिता की झुलसने से मौत हो गई। मंडे को हुई घटना की जानकारी पाकर उसके मायकेवाले पहुंचे। गगहा एरिया के भैंसहा निवासी रामश्रय ने बेटी की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दो साल पहले बबिता की शादी की थी। तभी से दहेज के लिए ससुराली उसका उत्पीड़न कर रहे थे। रमेश ने उनकी बेटी से दूसरी शादी की थी। महिला की मौत के मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

घर में अबुझ हाल में झुलस गई महिला

तिवारीपुर एरिया के पिपरापुर मोहल्ले में ट्यूज्डे दोपहर संदिग्ध हाल में महिला झुलस गई। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि कमलेश की पत्‍‌नी संगीता की झुलसने से मौत हो गई। ढाई साल पूर्व उसकी कमलेश से शादी हुई थी। वह दो बच्चों की मां है। उसने खुदकुशी की या फिर हादसे का शिकार हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है। महिला का मायका कैंपियरगंज एरिया के करमैनी में है। उसके मायके के लोगों को सूचना दे दी गई है।

महिला की झुलसने से मौत हुई है, लेकिन वह किन परिस्थितियों में झुलसी है, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। डेडबॉडी के पोस्टमार्टम से मौत की वजह सामने आ सकेगी।

राजीव सिंह, एसओ, तिवारीपुर