AGRA (26 Sept.): शहर को कचरा मुक्त करने के लिए एक नई पहल की जा रही है। ये है अंडर ग्राउंड डस्टबिन की। इसके साकार होते ही भूमिगत डस्टबिन होंगे। इसमें कचरा डालने के लिए एक होल होगा। इन डस्टबिन को ऑटोमैटिक मशीनों से उठाकर कचरा गाडि़यों में डंप किया जाएगा। दोबारा अपने स्थान पर रख दिया जाएगा। ये प्रोजेक्ट गेल कंपनी को पूरा करना है। केंद्र सरकार की हरी झंडी मिलते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा।

सड़क पर खोदा जाएगा गड्ढा

देश में 10 सिटी को आइकॉन सिटी में शामिल किया गया है। उसमें आगरा भी है। आगरा को खास बनाने के लिए नगर निगम ने क्लीन सिटी के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया है। इसमें अंडरग्राउंड डस्टबिन योजना है। जिसमें पायलट प्रोजेक्ट के रूप में फतेहाबाद रोड को लिया है। इस रोड में कचरा डालने के लिए 10 स्थानों को चयनित किया है, जहां भूमिगत डस्टबिन लगाए जाएंगे। यह गेल कंपनी लगाएगी। इसका प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। एप्रूवल मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद ये योजना पूरे शहर में लागू की जाएगी.सड़क किनारे व कचरा फेकने के स्थलों पर डस्टबिन की लंबाई-चौड़ाई-ऊंचाई के आधार पर एक गढ्डा खोदा जाएगा। उसे बंद करने के लिए जमीन के ऊपर लॉक लगा होगा। इन गढ्डों में डस्टबिन को रख दिया जाएगा। इसमें कचरा फेकने के लिए जमीन के ऊपर ही होल होगा। बिन्स को कंप्रेशर मशीन से उठाकर कचरा गाडि़यों में डंप किया जाएगा और उसे दोबारा वहीं रख दिया जाएगा।

पहले होगा परीक्षण

अंडरग्राउंड डस्टबिन लगाने से पहले शहर के भौगोलिक और अन्य जरूरी तथ्यों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही यह तय होगा कि किस मैटेरियल का डस्टबिन लगाया जाए। प्लास्टिक और स्टील दो तरह के डस्टबिन लगाए जा रहे हैं।