Ranchi:

मांडर कब्रिस्तान के समक्ष डांस करना एक युवक को भारी पड़ गया। नव वर्ष में जश्न मना कर लौट रहे लोगों को कब्रिस्तान के पास नाच-गान करने से मना करने पर 18 वर्षीय वसीम अंसारी की लोहे की छोलनी से मारकर हत्या कर दी। घटना मांडर के बाजारटांड स्थित पतरा कोना के फिरदोस नगर की है। शाम पांच बजे हत्या हुई। हत्या की सूचना मिलने के बाद एक समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए। सूचना मिलने के बाद खलारी डीएसपी पुरुत्तोम कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सुमित कुमार और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया, मगर आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से मना कर दिया। उन लोगों का कहना था कि पहले आरोपी को गिरफ्तार करें, फिर शव उठेगा। देर रात पुलिस के आश्वासन के बाद आक्रोशित लोगों ने शव उठाने दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मांडर थाना में लिखित शिकायत दी गयी है। इधर, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि हत्या घटना में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नही जायेगा। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है। आरोपियों की धर पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।

 

एनएच 75 को आक्रोशित लोगों ने किया जाम

हत्यारों को गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित एक समुदाय के लोगों ने रांची-डालटनगंज मार्ग एनएच 75 को कंदरी के निकट जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने करी डेढ़ घंटे तक सड़क को जाम रखा। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। पुलिस ने आरोपियों को चौबीस घंटे में गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोगों ने सड़क को जाम मुक्त किया है।

 

इस घटना में मृतक वसीम के दोस्त मनान अंसारी और नुरूल अंसारी घायल हो गए। मनान को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। चटवल गांव के कुछ युवक पिकनिक मना कर लौट रहे थे। इसी बीच फिरदौस नगर कब्रिस्तान के पास नाचने को लेकर विवाद बढ़ गया। दोनों समुदाय के लोग आपस में लड़ने लगे। इसी बीच एक समुदाय के लोगों ने वसीम पर लोहे की छोलनी से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद लोग आक्रोशित हो गए।

 

मालूम हो कि वसीम मुंबई में काम करता था। चार दिन पूर्व ही वह परिजनों ने मिलने मुंबई से रांची आया था। इसी बीच रविवार की शाम बकझक हुई, जिसके बाद अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी।

 

Crime News inextlive from Crime News Desk