- सपा प्रत्याशियों की सूची तैयार करने और घोषणा पत्र का ऐलान करने में जुटी

- कांग्रेस में भी अंदरखाने गठबंधन को लेकर नहीं बनी सहमति, कम सीटें बनी रोड़ा

- अब गठबंधन की गुंजाइश कम, यूपी में अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे दोनों दल

LUCKNOW :सपा और कांग्रेस में गठबंधन की गुंजाइश खत्म होती जा रही है। टिकटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के 'हठबंधन' ने गठबंधन पर ग्रहण लगा दिया है। शुक्रवार को बातचीत टूटने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 208 प्रत्याशियों की सूची जारी की तो कांग्रेस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर शुरु हो गया। आज भी इस मसले को सुलझाने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ बात की लेकिन सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इन हालात में यह साफ होता जा रहा है कि दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे।

अखिलेश ने दिया था मैजिक नंबर

सपा सूत्रों की मानें तो अखिलेश ने कांग्रेस को 99 सीट का 'मैजिक नंबर' दिया था लेकिन शुक्रवार सुबह कांग्रेस की ओर से 135 प्रत्याशियों की सूची मिलने के बाद बात बिगड़ती चली गयी। अखिलेश ने कांगे्रस को अपने 208 प्रत्याशियों की सूची जारी कर करारा जवाब दिया तो हड़कंप मच गया। इसके बाद उत्तराखंड चुनाव की तैयारी के लिए गये प्रशांत किशोर को आनन-फानन में डैमेज कंट्रोल के लिए लखनऊ भेजा गया। सूत्रों की मानें तो प्रशांत किशोर ने आज अखिलेश से मुलाकात कर फिर से सीटों पर मोलभाव शुरू कर दिया है। वहीं अखिलेश ने भी बची सीटों पर प्रत्याशियों का चयन और घोषणा पत्र को अंतिम रूप देने की कवायद जारी रखी ताकि कांग्रेस पर दबाव बरकरार रहे। प्रेशर पॉलिटिक्स में फंसीं दोनों पार्टियां अब किस मुकाम पर जाकर समझौता करती हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।

फुटेज लेने की कोशिश तो नहीं

कांग्रेस के सूत्रों की माने तो सारी गड़बड़ी कुछ बड़े नेताओं द्वारा गठबंधन का श्रेय लेने की होड़ की वजह से हुई। प्रशांत किशोर ने करीब सौ प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने की बात की थी जबकि कुछ नेताओं ने 135 प्रत्याशियों की सूची जारी कर खेल बिगाड़ दिया। इसे लेकर कांग्रेस में अंदरखाने शह-मात का खेल भी शुरू हो गया। इसे देखते हुए कांग्रेस हाईकमान ने प्रशांत किशोर समेत यूपी से जुड़े सभी बड़े नेताओं को फिर दिल्ली तलब कर लिया है। अब देखना यह है कि अगले एक-दो दिन में कांग्रेस हाईकमान गठबंधन को लेकर क्या रुख अपनाता है।

कांग्रेस भी उतारेगी प्रत्याशी

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के बीच हुई बैठक में शुरुआती दो चरणों के 140 प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी गयी। रविवार को सूची सार्वजनिक की जा सकती है। इसके साथ ही कांगे्रस चुनाव में सपा के मुकाबले अपने प्रत्याशी उतारेगी। इस सूरत में यदि अन्य चरणों के लिए गठबंधन को लेकर कोई सहमति बनती है तो कांग्रेस को पहले से कम सीटें ही मिल सकेंगी। वहीं सपा सूत्रों की माने तो कांग्रेस की जिन सीटों पर सपा के प्रत्याशी उतारे गये हैं, उन्हें 23 जनवरी को नामांकन करने को कहा गया है। यदि कल दोनों पार्टियां बातचीत के जरिए गठबंधन के तमाम मुद्दों को सुलझा लेती हैं तो सपा की सूची में फेरबदल भी हो सका है।

कांग्रेस अपनी हैसियत से बढ़कर सीटों की मांग कर रही है। जब सौ सीटें देने पर बातचीत चल रही थी तो अचानक नई लिस्ट कहां से भेज दी गयी। इन हालात में गठबंधन की संभावना खत्म होती दिख रही है।

नरेश अग्रवाल

राष्ट्रीय महासचिव, सपा

सपा ने पहले और दूसरे फेस की लिस्ट जारी कर दी है। जल्द ही गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। हमने भी शुरुआती दो चरणों के प्रत्याशी फाइनल कर लिए हैं।

राज बब्बर

कांग्रेस यूपी प्रभारी

(दिल्ली में)