आगरा। जनपद की नौ विधानसभा सीटों पर सभी दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतार दिए हैं, लेकिन इनके चेहरे इतने कमजोर और छोटे हैं कि इन्हें बडे़ चेहरों की जरूरत पड़ रही है। कोई प्रत्याशी फिल्म स्टार व सांसद हेमा मालिनी की डिमांड कर रहा है, तो कोई पूर्व मुख्यमंत्री और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से प्रचार कराना चाहता है।

फतेहपुरसीकरी में हेमा मालिनी की डिमांड

फतेहपुरसीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चौधरी उदयभान सिंह ने अपने प्रचार के लिए फिल्म स्टार हेमा मालिनी की डिमांड की है। उन्होंने कहा कि अगर वे चुनाव प्रचार में आतीं हैं, तो और अच्छा माहौल बनेगा। उनके आने से क्षेत्र की जनता पर काफी प्रभाव पडे़गा।

मंडल में सर्वाधिक डिमांड एसपी सिंह बघेल की

मंडल में स्टार प्रचारकों में सर्वाधिक डिमांड पूर्व सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल की है। मंडल की 23 विधानसभा (हालांकि मैनपुरी में प्रथम चरण में मतदान नहीं हैं)) सीटों में से नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने पूर्व सांसद से प्रचार कराने की मांग की है। एत्मादपुर, फतेहाबाद, मांट, बल्देव, जसराना, शिकोहाबाद, गोवर्धन, खेरागढ़ और छाता के भाजपा प्रत्याशियों ने इनकी मांग की है।

अजित सिंह से ज्यादा जयंत की मांग

रालोद जनपद की सात विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इन विधानसभा सीटों के रालोद प्रत्याशियों ने जयंत चौधरी और उनकी पत्नी चारू चौधरी की बतौर स्टार प्रचारक के रूप में डिमांड की है।