- गोरखपुर मंडल के कार्यकर्ताओं को मनाने पहुंचे अमित शाह ने दिया बयान

GORAKHPUR 'प्रियंका गांधी मेरे लेवल की नहीं है जो मुझसे उनके बारे में सवाल किया जा रहा है। प्रियंका गांधी से सवाल करना है तो भाजपा के किसी प्रवक्ता से कीजिए। इसका जवाब वही सही से देंगे.' यह बातें शनिवार को गोरखपुर मंडल के कार्यकर्ताओं संग बैठक के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहीं। इस दौरान उन्होंने जमकर सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने कहा कि तीन तलाक को खत्म करने पर भाजपा प्रतिबद्ध है। मुस्लिम महिलाओं के सम्मान के लिए अब तीन तलाक खत्म करने का समय आ गया है।

केवल उद्घाटन हुए हैं

अमित शाह ने कहा कि 10 साल के यूपीए और पांच साल के सपा सरकार में घोटालों का रिकार्ड टूट गया है। सपा की सरकार से पब्लिक त्रस्त है। इसलिए इस बार भाजपा की तरफ आशा की नजर से देख रही है। सपा के विकास के मुद्दों पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव की सरकार ने उद्घाटन करने का केवल रिकॉर्ड तोड़ा है।

परिवारवाद नहीं कार्यकर्ता का सम्मान

अमित शाह ने एक और सवाल के जवाब में कहा कि हमारा परिवारवाद कांग्रेस-सपा के परिवारवाद से अलग है। हम देश को परिवारवाद, तुष्टिकरण, जातिवाद से मुक्त कराने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जिनको टिकट दिया है वह परिवारवाद नहीं है। अगर किसी सांसद का भाई या घर का कोई सदस्य 10-15 साल पार्टी के लिए संघर्ष करता है और टिकट पा जाता तो इसे परिवारवाद नहीं कहेंगे। यह एक कार्यकर्ता का सम्मान है। सपा और कांग्रेस में तो आप जानते ही हैं। आपके पास लाख गुण हो, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी और मुलायम सिंह के परिवार का ही सदस्य बनेगा। उन्होंने कहा कि हम 2014 में भी सबका साथ, सबका विकास नारा के नाम पर चुनाव लड़े और ऐतिहासिक जीत हासिल की। अगर यूपी में भाजपा की सरकार बनी तो पूर्वाचल राज्य पर नीतिगत फैसला नहीं, विकास को पैकेज दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने पूर्वाचल के विकास के लिए खाका तैयार कर लिया है।