पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए निधार्रित शहर के तीनों स्थानों पर रहा अफरा-तफरी का माहौल

कहीं धोखा दे रही थी ईवीएम की बैटरी तो कहीं लाइन में लगने को लेकर भीड़ रहे थे कर्मचारी

ALLAHABAD: जिले की बारह विधान सभा क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। भारत-स्काउट गाइड, परेड ग्राउंड और केपी कॉलेज ग्राउंड तीनों ही रवानगी स्थलों पर प्रशासन की पूरी प्लानिंग फेल नजर आई। कहीं कर्मचारी ईवीएम लेने को भटक रहे थे तो कहीं यह पता करने को कि उन्हें आखिर जाना कहां है। जो इसमें सफल हो गए उनकी ईवीएम मशीन की बैटरी धोखा देने लगी। ऐसे में बुधवार को हुई चटख धूप ने और परेशान किया। परेशान घूम रहे कई कर्मचारी धूप लगने के कारण अचेत भी हुए। ड्यूटी के लिए लाइन में लगने को लेकर भी कई बार मतदानकर्मियों में भिड़ंत हुई।

परेड में हर कोई दिखा परेशान

परेड मैदान में मेजा, कोरांव, बारा, प्रतापपुर, करछना व हंडिया विधान सभा के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्था की गई थी। यहां हर कोई परेशान नजर आ रहा था। काउंटर पर डयूटी कन्फर्म करने के लिए मतदानकर्मियों को कड़ी धूप में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कर्मचारी जल्दबाजी में काउंटर पर चढ़े जा रहे थे। कई बार उनमें नोकझोंक की नौबत भी आई।

ईवीएम की बैटरी लो

परेड ग्राउंड में एक ओर ईवीएम और चुनाव सामग्री लेने के लिए पंडाल बना था। यहां भी कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पडी। कोरांव और मेजा पंडाल के अलावा कुछ अन्य विधान सभा के पंडालों में ईवीएम मशीन को लेकर काफी दिक्कतें आयी। यहां मिलने वाली ईवीएम में बैटरी लो की समस्या सामने आई। इसकी वजह से कई मशीनों को बदलना पड़ा। इन्हें बदलवाने के दौरान भी कई बार कर्मचारियों और अधिकारियों में कहासुनी तक की नौबत आयी। रवानगी स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पानी के टैंकर की व्यवस्था भी नहीं थी। जो खड़े थे उनका पानी भी धूप के कारण गर्म हो गया था।

केपी कॉलेज में ड्यूटी चार्ट की लूट

केपी कॉलेज मैदान में आलम ये था कि यहां 11 बजे के बाद ऐसी अव्यवस्था फैली कि कर्मचारियों में ड्यूटी चार्ट को लेकर लूट मच गई। धूप के कारण दो कर्मचारी अचेत हो गए तो उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजना पड़ा। शहर के तीन विधान सभा क्षेत्रों शहर उत्तरी, दक्षिणी और पश्चिमी में पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए यहां व्यवस्था की गई थी। सभी को सुबह छह बजे बुलाया गया था, लेकिन यहां नौ बजे तक सन्नाटा पसरा था। इसके बाद सभी आना शुरू हुए और ग्यारह बजते-बजते अव्यवस्था फैल गई।

लगाना पड़ा दूसरा चार्ट

दस बजे के बाद जुटे कर्मचारियों में यह जानने की तेजी आई कि आखिर उन्हें जाना कहां है। इसके लिए वे उन स्थानों पर जमा हुए जहां ड्यूटी चार्ट लगा था। एक-दूसरे से पहले अपनी ड्यूटी जानने की उनमें ऐसी तेजी मची कि थोड़ी देर में ड्यूटी चार्ट की लूट मच गई और वह टूकड़े-टूकड़े होकर जमीन पर बिखरा नजर आने लगा। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर दूसरा चार्ट लगाया गया। एक ही काउंटर से सभी होने की वजह से अफरातफरी फैलने का आरोप कर्मचारी लगा रहे थे।

डीएम ने भिजवाया अस्पताल

दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी संजय कुमार संगम सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान केपी कॉलेज में दो कर्मचारियों के गश खाकर गिरने की सूचना आई। इसमें अकबर अली (52) और विजय कुमार 56 शामिल रहे। सूचना मिलते ही डीएम ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल भिजवाया।

भारत स्काउट एंड गाइड में थी अच्छी व्यवस्था

गंगापार के तीन विधान सभा सीटों फूलपुर, फाफामऊ और सोरांव में मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना करने की व्यवस्था भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कालेज में की गई थी। कालेज में सुबह से ही कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान कर्मचारियों की सुविधा और उनको भटकने से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से विधान सभावार अलग-अलग स्टॉल बनाए गए थे। इन स्टाल्स पर कर्मचारियों को ड्यटी से संबंधित ईवीएम मशीन व अन्य सामानों को देने की व्यवस्था की गई थी। स्टॉल पर सामान हासिल करने से लेकर ड्यूटी चार्ट में नाम देखने तक हर जगह कर्मचारियों में अफरातफरी नजर आई, लेकिन कई स्टाल होने के कारण बहुत दिक्कत नहीं हुई। कालेज के मैदान में ही कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। दोपहर बाद पोलिंग टीमों के रवाना होने का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान पोलिंग टीमों के साथ ही सुरक्षा के लिए लगाए गए पुलिस के जवान भी रवाना हुए।