GORAKHPUR: चाय की चर्चा का सिलसिला शहर के पादरी बाजार स्थित संगम चौराहा पहुंचा। इस दौरान हर शख्स ने बड़ी दिलचस्पी के साथ विभिन्न राजनीतिक समीकरणों पर अपनी राय रखी। वहीं बहस में शहर के विकास की बातें भी प्रमुखता के साथ रखी गई। यहां मौजूद लोगों ने चाय की चुस्कियों के साथ बातों-बातों में खिचड़ी सरकार बना डाली

विधानसभा क्षेत्र: गोरखपुर शहर

समय: सुबह 9.30

स्थान: संगम चौराहा, पादरी बाजारे

सुबह का वक्त। चौराहे पर जुटे लोग। सभी के हाथ में चाय की गिलास। बनते-बिगड़ते राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा चल रही है। इसी बीच आई नेक्स्ट रिपोर्टर वहां पहुंचता है। रिपोर्टर ने वहां मौजूद लोगों से चल रही बहस के बारे जैसे ही सवाल पूछा, तो जवाब देने में प्रेमप्रकाश तिवारी का जवाब सबसे पहले आया

प्रेम प्रकाश तिवारी : भाई साहब, सीन तो बड़ा गड़बड़ है। कांग्रेस-अखिलेश के साथ बन जात त कई जने क नींद उड़ जात। लेकिन देखा अब एहमे का होला?

निखिल द्विवेदी : (प्रेमप्रकाश तिवारी की बात काटते हुए)

तिवारी जी आपके कांग्रेस व अखिलेश भईया खुद ही आपन बंटाधार कर लिए है। अबकी बार भाजपा मजबूती के साथ आ रही है। उन्हीं के सरकार बन कर रही।

(इसी बीच राकेश श्रीवास्तव बोल पड़े)

राकेश श्रीवास्तव: अबकी बार कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। नोटबंदी से किसान व आमजन कुछ ही परेशान है। उधर सपा और बसपा भी मजबूती के साथ आ रही है। कहीं बहन जी के हाथ में बागडोर न चल जाए।

(इनकी बात काटते हुए संतोष श्रीवास्तव ने दम भरा और बोल पड़े)

संतोष श्रीवास्तव: भाई साहब, अबकी बार मोदी जी को कोई नहीं हरा सकता है। नोटबंदी से कितनी भी परेशानी हो लेकिन अब भी जनता उनके साथ है। गोरखपुर में भाजपा को कोई नहीं हरा सकता है। सरकार तो इन्हीं की बनेगी।

(यह सुनकर विनोद पांडेय बोल पड़े)

विनोद पांडेय: भाई साहब, आप लोग खाली मोदी-मोदी लगा रखे हैं। देश की हालत उन्होंने पूरी तरह से खराब कर दी है। नोटबंदी से सभी लोगों पर असर पड़ा है। सभी एटीएम बंद पड़े हैं पैसा नहीं निकल पा रहा है। जिसके चलते गरीबों की परेशानी बढ़ गई है। अबकी बार जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर मुंह तोड़ जवाब देगी।

(इस बात को खारिज किया सचिन पांडेय ने)

सचिन पांडेय: सभी को थोड़ी परेशानी हुई हैं लेकिन देश की भलाई के लिए हम सभी लोगों को ईमानदारी के साथ खड़ा होना होगा। देश-विदेश तक मोदी के नाम की चर्चा आम है। इससे पूरे देश में मोदी का कद ऊंचा हुआ है। इसलिए अबकी बार मोदी की ही सरकार बनेगी।

(यह सब बातें सुनकर अजय कुमार वर्मा खुद को बोलने से रोक नहीं सके)

अजय कुमार वर्मा: अरे भइया, चाहे किसी की भी सरकार बन जाए। बात तो तब कुछ बनेगी जब प्रदेश और शहर की सूरत भी कुछ सुधरे। अउर जहां तक रहे सरकार का बने का बात बा, आपस में ई लोग खूब लड़ी, लेकिन सरकार बनी खिचड़ी।

टी-प्वॉइंट

भइया, हमारी इस दुकान पर इलाके के सभी लोग किसी न किसी वक्त मौजूद होते हैं। जब यहां पर आसपास कॉलोनी विकसित नहीं थी। एरिया वीरान था तबसे हम चाय बेच रहे हैं। यहां पर तमाम पार्षद और आसपास के लोग बैठकर सरकार बनाते हैं और विकास के मुद्दों पर चर्चा करते हैं। सरकार किसी की आए, हम पर इसका फर्क नहीं पड़ता है।

-शिवबचन पासवान, दुकानदार