ALLAHABAD: यूपीपीएससी के पीसीएस जे के फाइनल रिजल्ट में पहला स्थान पाने वाली स्वरांगी शुक्ला और तीसरा स्थान पाने वाले विनोद कुमार पांडेय को यह सफलता पहले ही प्रयास में हासिल हुई है। जबकि दूसरा स्थान पाने वाले विनोद जोशी को यह सफलता दूसरे ही प्रयास में मिल गई। स्वरांगी ने मात्र 23 साल की उम्र में ही सफलता का परचम लहराया है। उनकी यह सफलता लड़कियों के लिये बड़ी प्रेरणा है। खास यह कि टॉपर्स को यह बिलीव नहीं था कि उन्हें टॉप रैंक में स्थान हासिल होगा। उन्हें यह बिलीव था कि वे सफलता जरूर हासिल करेंगे। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने पीसीएस जे के टॉप थ्री से फोन पर बात की।

 

कानून की पढ़ाई में मिले चार गोल्ड मेडल

स्वरांगी ने बीएससी एलएलबी आनर्स की पढ़ाई गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी गांधीनगर से की है। उन्हें यूजी लेवल पर चार अलग-अलग सब्जेक्ट्स में चार गोल्ड मेडल प्राप्त हुये हैं। यूजी में उन्हें 80 फीसदी अंक हासिल हुये थे। इसके अलावा उन्होंने हाईस्कूल एवं इंटर की पढ़ाई सिटी मांटेसरी स्कूल लखनऊ से की। हाईस्कूल में उन्हें 95 फीसदी एवं इंटर में 94.2 फीसदी अंक हासिल हुये हैं। स्वरांगी ने कहा कि भविष्य में सिविल सर्विसेस में जाने के लिये प्लानिंग करेंगी। उन्हें स्वीमिंग और साईकिलिंग पसंद है।

 

हार्ड वर्क से नो कम्प्रोमाइज

दूसरा स्थान पाने वाले उत्तराखंड के मूल निवासी विनोद जोशी वर्तमान में हकीकत नगर दिल्ली में रह रहे हैं। उन्होंने कानून की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी से की है। उनके पिता निलांबर जोशी भूतपूर्व सैनिक हैं। मां विमला जोशी ग्रहणी हैं। इससे पहले उन्होंने 2015 का मेंस एग्जाम भी दिया था। विनोद ने हाल ही में दिल्ली जुडिशियल एग्जाम भी पास किया है। विनोद ने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं है। सफलता के लिये हार्ड वर्क जरूरी है।

 

पत्नी की प्रेरणा से बने टॉपर

तीसरा स्थान पाने वाले 39 वर्षीय विनोद कुमार पांडेय ने एयरफोर्स में 19 साल की सेवा के बाद वीआरएस ले लिया था। उन्होंने कहा कि वे सिविल सर्विसेस की पढ़ाई के जरिये देशसेवा करना चाहते थे। इसलिये उन्होंने वीआरएस लिया था। उन्होंने यूपीपीसीएस 2013 का इंटरव्यू भी दिया था। यूपीपीसीएस 2016 का उन्होंने मेंस एग्जाम दे रखा है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने पत्नि रेखा पांडेय को दिया। करेंट में विनोद पांडेय इलाहाबाद स्थित डीएम कार्यालय में मनोरंजन कर विभाग में इंस्पेक्टर हैं। शांतिपुरम फाफामऊ में किराये के कमरे में रहने वाले विनोद के दो बच्चे तान्या और अनन्या महर्षि पतंजलि विद्यामंदिर स्कूल में पढ़ रहे हैं।