- हाथी बड़कला में आंदोलन कर रहे दर्जनों उपनलकर्मी गिरफ्तार

- नियमितिकरण की मांग को लेकर कर रहे हैं आंदोलन

DEHRADUN: नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे दर्जनों उपनल कर्मियों को पुलिस ने हाथीबड़कला से गिरफ्तार कर लिया। वहीं कुछ उपनल कर्मी अभी भी परेड ग्राउंड धरनास्थल पर धरने में डटे हैं। उपनल कर्मियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनके गिरफ्तार किए गए साथियों को बिना शर्त नहीं छोड़ा गया तो वे सब अपनी गिरफ्तारी देकर जेल भरेंगे।

जारी रखेंगे अपना आंदोलन

धरना-प्रदर्शन पर जमे उपनलकर्मियों ने गुरुवार को एक बार फिर से अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। एकजुट होकर कहा कि जब तक उन्हें नियमित नहीं किया जाता वे आंदोलन जारी रखेंगे। बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी पुरुषों के साथ धरना-प्रदर्शन स्थल पर जमी रहीं। उपनल कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भावेश कुमार जगूड़ी ने कहा कि हम शांतिपूर्वक आन्दोलन कर रहे हैं। लोकतांत्रित तरीके से आन्दोलन करते हुए उपनल कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इससे हम झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उपनलकर्मियों का आन्दोलन जारी रहेगा। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को बिना शर्त रिहा नहीं किया गया तो प्रदेशभर के हजारों कर्मचारी जेल भरो आन्दोलन चलाएंगे। इस दौरान उत्तरकाशी महासंघ के जिलाध्यक्ष संदीप भूटिया, हरिद्वार से अंकित नेगी। चमोली से शैलेंद्र रावत, पौड़ी से शोभन नेगी आदि के साथ तमाम जिलों से पदाधिकारी आन्दोलन में शामिल हुए हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष कुशाग्र जोशी, महासचिव महेश भट्ट, नीलम, रुचिका, अनीता, शोभा, सिमरन, निधि भंडारी आदि भी धरना-प्रदर्शन करने वालों में शामिल रहीं।