उत्तराखंड के विनोद जोशी को दूसरा

प्रतापगढ़ के विनोद पांडेय को तीसरा स्थान

ALLAHABAD: उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन इलाहाबाद ने शुक्रवार की शाम पीसीएस जे 2016 परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया। इसमें कुल 218 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। लखनऊ की रहने वाली स्वरांगी ने टॉप किया है। उत्तराखंड के रहने वाले विनोद जोशी को दूसरा और प्रतापगढ़ के रहने वाले विनोद पांडेय को तीसरा स्थान मिला है। इन सभी की तैनाती सिविल जज जूनियर डिवीजन के पद पर जिलों में की जाएगी।

665 हुए थे इंटरव्यू में शामिल

लोअर कोर्ट में जजेज की नियुक्ति के लिए होने वाली इस परीक्षा का विज्ञापन पिछले साल जारी किया गया था। प्री परीक्षा भी पिछले साल ही हुई थी। इस साल इसका मेंस और इंटरव्यू कराया गया। इसमें शामिल होने के लिए मिनिमम क्वालीफिकेशन लॉ ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। कुल 218 पदों के लिए होने वाली भर्ती प्रक्रिया के तहत मेंस में कुल 665 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। एक सीट पर तीन से अधिक दावेदार होने के बाद भी स्वरांगी ने सबको पीछे छोड़ दिया। लखनऊ के इंदिरा नगर मानस इंकलेव कालोनी निवासी स्वरांगी शुक्ला के पिता बीडी शुक्ला लखनऊ एसआईटी में एसपी हैं। दूसरा स्थान उत्तराखंड में पिथौरागढ़ निवासी विनोद जोशी को मिला है। विनोद वर्तमान समय में दिल्ली में सीबीआई में असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर हैं।

05 अक्टूबर तक हुआ था इंटरव्यू

तीसरे स्थान पर रहने वाले विनोद कुमार पांडेय गोविन्दनगर रामगढ़ रयला लालगंज प्रतापगढ़ के रहने वाले हैं। विनोद एयरफोर्स में सार्जेट के पद से रिटायर्ड हैं। परीक्षा परिणाम आयोग के सचिव जगदीश की ओर से जारी किया गया। पीसीएस जे का साक्षात्कार 13 सितम्बर से 05 अक्टूबर के बीच करवाया गया था। इसमें 665 अभ्यर्थी शामिल हुये थे। इससे पहले लिखित परीक्षा का परिणाम 18 अगस्त को घोषित हुआ था। सचिव की तरफ से बताया गया है कि परिणाम के सन्दर्भ में प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कट ऑफ शीघ्र घोषित किया जायेगा। शुक्रवार को सिर्फ सफल अभ्यर्थियों की लिस्ट जारी की गई।