घर से बाहर खुले में शौच के लिए गई महिलाओं की Video clipping बना रहे युवक की पिटाई

ALLAHABAD: सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद शौचालय बनवाने की चाहत लोगों में नहीं पनप रही है। घर में शौचालय बना होता तो शायद कुछ महिलाओं की इज्जत दांव पर न लगती। खुल्दाबाद इलाके की वे महिलाएं शौच के लिए बुधवार की सुबह घर से बाहर गई थीं। इसी बीच कुछ युवकों ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। गनीमत यह रही कि महिलाओं की वीडियो बना रहे युवकों पर आसपास के अन्य युवकों की नजर पड़ गई। वे उन युवकों को पकड़ लिए और धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिए।

खुल्दाबाद एरिया की है घटना

खुल्दाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित हिम्मतगंज युनानी मेडिकल कॉलेज से सटी बस्ती की रहने वाली कुछ महिलाओं के घर में शौचालय नहीं है। जिसकी वजह से वे बुधवार को ग्रुप में बस्ती से दूर स्थित नाले के पास खुले में शौच के लिए गई थीं। नाले के पास पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन महिलाओं की वीडियो क्लीपिंग बनानी शुरू कर दी। वीडियो बना रहे युवकों पर महिलाओं की नजर पड़ गई और वे शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुन कर मोहल्ले के कई युवक दौड़ पड़े। इन युवकों को आते देख वीडियो बना रहे मनचले भागने लगे। उन्होंने दौड़ाकर एक को पकड़ने के बाद जमकर पीटा। दूसरा भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए युवक ने लोगों को अपना नाम राजरूपपुर निवासी विनोद कुमार बताया। पिटाई के बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी विनोद के फरार साथी की तलाश में पुलिस देर रात तक जुटी रही।

वर्जन

शौचालय की व्यवस्था न होने से महिलाओं को काफी दिक्कतें होती हैं। अक्सर उन्हें मनचलों का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों से व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन वे ध्यान नहीं दिए। जिसका खामियाजा महिलाओं, युवतियों और किशोरियों को भुगतना पड़ रहा है।

रतन पाल

सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है। लोगों को अपने घरों से कुछ दूर जाना पड़ता है। महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों में शौचालय बनवाने की जागरूकता आज भी नहीं है।

गोपाल यादव

इलाके में शौचालय की काफी खराब स्थिति है। शौच के लिए लोगों को काफी दूर खुले में जाना पड़ता है। शौचालय के अभाव का दंश महिलाओं को भुगतना पड़ता है। आए दिन इस तरह घटनाएं आम हो गई हैं।

मुन्नी देवी

सीवर लाइन न होने की वजह से लोग घरों में शौचालय नहीं बनवा पा रहे हैं। घरों में शौचालय न होने की वजह से महिलाओं, युवतियों व किशोरियों को खुले में शौच जाना पड़ता है। ऐसे में वह घटनाओं का शिकार हो जाती हैं।

कुसुम

वर्जन

पकड़ा गया आरोपी शौच कर रही महिलाओं की क्लिपिंग बना रहा था। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रविन्द्र यादव, चौकी इंचार्ज