- हमले से आक्रोशित लोगों ने विपक्षियों को पीटा, बूथ पर किया कब्जा

- हमलावरों की बाइक को लगा दी आग, आनन फानन में पहुंचा प्रशासनिक अमला

- गोली से घायल पूर्व प्रमुख व बेटे को किया गया इलाहाबाद रेफर

pratapgarh@inext.co.in

PRATAPGARH: बेल्हा में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में ही अराजकता हावी हो गई। रानीगंज सर्किल के शिवगढ़ ब्लाक में मतदान शुरू होने के बाद प्रजापतिपुर बूथ पर पूर्व प्रमुख रमाकांत दुबे, उनके बेटे पिंटू को गोली मार दी गई। इससे बूथ पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। हमले से आक्रोशित लोगों ने हमलावर पक्ष के तीन लोगों को जमकर पीटा। साथ ही हमलावरों पक्ष की बाइक फूंक दी। यही नहीं दहेरकला बूथ पर कब्जा करके कैप्चरिंग की। जिलाधिकारी सहित आला अफसरों ने मौके पर पहुंच कर स्थिति संभाली। घायल पूर्व प्रमुख व बेटे को इलाहाबाद रेफर किया गया।

वोट डालने जा रहे थे

शिवगढ़ ब्लाक के प्रजापति बूथ पर सुबह नौ बजे तक शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। लेकिन अचानक सवा नौ बजे प्रजापतिपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी उमर के पक्ष के लोगों ने मतदान करने जा रहे पूर्व प्रमुख रमाकांत दुबे (60), उनके बेटे दिनकर उर्फ पिंटू (30) को गोली मार दिया। इस घटना से आक्रोशित पूर्व प्रमुख के समर्थकों ने हमलावर पक्ष के लोगों पर हमला बोल दिया। प्रत्याशी उमर के भाई मुश्ताक (35) समेत तीन लोगों को जमकर पीटा। इसमें मुश्ताक की जीभ कट गई। यही नहीं हमलावर पक्ष की एक बाइक को फूंक दिया। इससे भगदड़ मच गई।

बूथ पर कब्जा, फाड़ डाले बैलेट

इसके बाद असलहे से लैस लोगों ने दहेरकला बूथ पर कब्जा कर लिया और बैलेट फाड़ कर उस पर मुहर लगा कर मतपेटी में डालने लगे। वहां रहे पुलिस कर्मी भागने लगे। सूचना मिलने पर डीएम अमृत त्रिपाठी, एसपी सुनील सक्सेना फोर्स लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों पक्ष के लोग भाग निकले थे। डीएम ने दहेरकला का मतदान निरस्त कर दिया। कुछ देर बाद मंडलायुक्त राजन शुक्ला, डीआईजी भगवान स्वरूप दहेरकला बूथ पर पहुंचे और घटना के बारे में जायजा लिया।

बूथ छोड़कर भागे सिपाही

रानीगंज क्षेत्र के शिवगढ़ ब्लाक स्थित दहेरकला में फायरिंग की आवाज सुनकर क्षेत्र में दहशत फैल गई। पूर्व प्रमुख रमाकांत दूबे के समर्थक दर्जन भर से अधिक असलहों से लैस होकर दहेरकला बूथ पर पहुंच गए। बूथ पर सुरक्षा के लिए तैनात सिपाही इंद्रदेव यादव व हीरामणि कुमार असलहाधारियों को देख वहां से भाग निकले। असलहाधारियों ने पीठासीन अधिकारी कलीम अहमद को पिस्टल सटा दिया और बूथ कैप्चर करते हुए मतदान के लिए रखा पर्चा छीन कर फाड़ दिया और कुछ पर्चा बैलेट में डाल दिया।

-----------